सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर युवक ने जताया आत्मघाती कदम का इरादा, खरसिया पुलिस की तत्परता से टली अनहोनी
खरसिया रेलवे स्टेशन पर वाहन खड़ा कर युवक ने जारी किया वीडियो, सूचना मिलते ही पुलिस ने शुरू की तलाश
पटरी के पास से दौड़ते युवक को पुलिस टीम ने पकड़ा, समझाइश के बाद परिजनों को सौंपा
खरसिया। सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए वीडियो जारी किए जाने की सूचना मिलते ही खरसिया चौकी पुलिस ने बिना समय गंवाए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस की सतर्कता और मौके पर दिखाई गई फुर्ती के चलते एक बड़ी अनहोनी को समय रहते टाल दिया गया।

जानकारी के अनुसार रायगढ़ क्षेत्र से आया एक युवक खरसिया रेलवे स्टेशन पहुंचा था। उसने अपनी गाड़ी स्टेशन परिसर में खड़ी की और इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें वह खुद को जिंदगी की परेशानियों से घिरा बताते हुए आत्मघाती कदम उठाने की बात कह रहा था।
वीडियो की जानकारी पुलिस तक पहुंचते ही खरसिया चौकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल युवक की तलाश शुरू कर दी। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में प्रोविशन एस आई प्रवीण कुमार बांधव और आरक्षक साविल चंद्रा सहित पुलिस टीम सक्रिय हुई और युवक की लोकेशन एवं संभावित रास्तों पर नजर रखते हुए उसकी तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान पुलिस टीम को युवक रेलवे पटरी के आसपास नजर आया। पुलिस को अपनी ओर आते देख युवक वहां से निकलकर भागने की कोशिश करने लगा और टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की तरफ जाने लगा। लेकिन पुलिस टीम ने बिना घबराए और बिना कोई मौका दिए तेजी से उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने युवक को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और उससे बातचीत कर समझाइश दी गई। पुलिस की तत्परता के कारण युवक को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। बाद में आवश्यक समझाइश के पश्चात युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में खरसिया चौकी पुलिस की सतर्कता, त्वरित रिस्पॉन्स और मानवीय संवेदनशीलता साफ तौर पर सामने आई।
सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो को महज पोस्ट मानकर नजरअंदाज करने के बजाय पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लिया और तत्काल मैदान में उतरकर युवक तक पहुंच बनाई,समय पर मिली सूचना और पुलिस की तत्काल कार्रवाई ने एक संभावित अनहोनी को टाल दिया।
खरसिया पुलिस की यह कार्रवाई बताती है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले ऐसे संवेदनशील संकेतों को भी पुलिस कितनी गंभीरता से ले रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल रिस्पॉन्स देकर किसी की जान बचाने के लिए मौके पर पहुंच रही है।


पुलिस की अपील: जिंदगी में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, किसी भी परेशानी में घबराकर या भावनात्मक स्थिति में अपनी जान को नुकसान पहुंचाने जैसा कदम नहीं उठाना चाहिए। मुश्किल समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता, ऐसी स्थिति में अकेले रहने के बजाय परिवार, दोस्तों या भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन से मदद लें।
एक पल का फैसला पूरी जिंदगी बदल सकता है, इसलिए जिंदगी खत्म करने का नहीं, समस्या का रास्ता खोजने का फैसला करें।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply