
₹10 हजार की डिमांड, नौकरी छिनवाने की धमकी और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल! यूट्यूबर दीपक यादव समेत 3 पर पुलिस का शिकंजा, जेल भेजे गए आरोपी
बलरामपुर-रामानुजगंज। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर वायरल करने और उसके जरिए किसी को बदनाम करने की धमकी देने का मामला अब पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया है। बलरामपुर जिले के थाना पस्ता क्षेत्र में एक शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक से फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की गई थी और रकम नहीं देने पर वीडियो वायरल करने के साथ नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दी गई थी।पुलिस के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1 बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे और बिना अनुमति वीडियो बनाने लगे।
इस दौरान शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने का भी आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, रुपये नहीं देने पर वीडियो को YouTube और Facebook पर वायरल कर उनकी छवि खराब करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दी गई।शिकायत में यूट्यूबर दीपक यादव पर अपने सहयोगियों के साथ वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप भी लगाया गया है।
शिक्षक का कहना है कि इस घटनाक्रम से उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि भी प्रभावित हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पस्ता में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत विवेचना शुरू की गई।वीडियो से जुड़े साक्ष्य जुटाए, गवाहों के बयान भी दर्जजांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव जब्त की गई। इसके अलावा, शिकायतकर्ता की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी प्राप्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट में आवेदन दिया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया।
कोर्ट में सरेंडर के बाद गिरफ्तारी, तीनों आरोपी जेल दाखिल



पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति प्राप्त कर पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान1. दीपक यादव (23 वर्ष) — पिता स्व. हीरालाल यादव, निवासी ग्राम टांगरमहरी, थाना बलरामपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज।2. श्रवण यादव (34 वर्ष) — पिता राधाकिशुन यादव, निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज।3. सूर्या यादव (20 वर्ष) — पिता स्व. अजय यादव, निवासी इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 04, बलरामपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज।
बलरामपुर पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर किसी भी सामग्री को प्रसारित करने से पहले तथ्यों की सत्यता सुनिश्चित करें। किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने से बचें। यदि कोई धमकी देता है या अवैध रूप से रुपये की मांग करता है, तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।
नोट: मामले में रुपये की मांग, धमकी और वीडियो प्रसारित करने संबंधी आरोप शिकायत एवं पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित हैं। आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply