खेत बेचकर यूनिटी मेटा टोकन में लगाए ₹11.60 लाख, न मुनाफा मिला न मूल रकम; रायगढ़ साइबर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

खेत बेचकर यूनिटी मेटा टोकन में लगाए ₹11.60 लाख, न मुनाफा मिला न मूल रकम; रायगढ़ साइबर पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

डिजिटल निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी का आरोप, ओडिशा से मुंबई तक जुड़े नेटवर्क की जांच जारी

रायगढ़, 19 अक्टूबर 2026। डिजिटल टोकन में निवेश कर कम समय में भारी मुनाफा कमाने की उम्मीद एक युवक को भारी पड़ गई। यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश के नाम पर 11 लाख 60 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में रायगढ़ साइबर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने निवेश के लिए अपना खेत तक बेच दिया था, लेकिन उसे न तो कोई लाभ मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस हुई। मामले में अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता विक्रम परिडा, उम्र 26 वर्ष, मूल निवासी जिला गंजाम, ओडिशा और वर्तमान में रायगढ़ के चक्रधरनगर क्षेत्र में रहने वाले युवक की पहचान वर्ष 2024 में गजुला मोहन से हुई थी। बताया गया कि गजुला मोहन चक्रधरनगर क्षेत्र में एक फास्ट फूड दुकान में कुक का काम करता था। आरोप है कि उसने यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश कर लाभ कमाने की बात कही और शिकायतकर्ता को भी अधिक मुनाफे का लालच दिया। उसकी बातों पर भरोसा कर युवक ने 25 जुलाई 2024 से 3 सितंबर 2024 के बीच कुल 11 लाख 60 हजार रुपये निवेश कर दिए। पुलिस जांच में सामने आया कि रकम प्राप्त करने के लिए चंदन दास के माध्यम से बीड क्वाइन से जुड़े कार्य करने वाले भावेष पटेल के बैंक खाते का इस्तेमाल किया गया। निवेश के बाद न लाभ मिला और न ही मूल रकम वापस की गई। बार-बार मांगने के बावजूद पैसे नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी गजुला मोहन के विरुद्ध वर्ष 2025 में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक अन्य मामला दर्ज हुआ था। यह मामला विवेकानंद राउत, देवेंद्र महापात्रे और शरद जैन से संबंधित शिकायत पर दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार, उस मामले में न्यायालय से स्टे प्राप्त करने के बाद आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुराने प्रकरण और वर्तमान मामले में आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के स्टेटमेंट की जांच की, जिसमें शिकायतकर्ता और आरोपियों के बीच रकम के लेन-देन से संबंधित जानकारी सामने आई। विवेचना के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया है। मामले में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन भी जब्त कर जांच में शामिल किए गए हैं। पुलिस को मुख्य आरोपी के संपर्क ओडिशा और मुंबई तक होने तथा रकम आगे अन्य लोगों तक भेजे जाने से संबंधित जानकारी मिली है। इस नेटवर्क और संभावित अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच जारी है।गिरफ्तार आरोपियों में गजुला मोहन, उम्र 45 वर्ष, निवासी जिला गंजाम, ओडिशा और वर्तमान निवासी संजय नगर, रायगढ़; चंदन दास, उम्र 33 वर्ष, निवासी जगतसिंहपुर, ओडिशा और वर्तमान निवासी रायगढ़ स्टेडियम के पास, चक्रधरनगर; तथा भावेष पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी कारीछापर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ शामिल हैं।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक विजय चेलक, निरीक्षक विमल राय, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, सहायक उप निरीक्षक ज्योत्सना शर्मा, प्रधान आरक्षक दुर्गेश सिंह एवं रूप राम पटेल और आरक्षक पुष्पेंद्र जाटवर की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल करेंसी, क्रिप्टो टोकन या किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता, विश्वसनीयता और संबंधित संस्था की प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। कम समय में रकम दोगुनी करने या असाधारण मुनाफा दिलाने के वादों पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। अपनी मेहनत की कमाई या संपत्ति बेचकर किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश करने से बचें। किसी भी प्रकार की वित्तीय साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!