पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला का सक्ती जिला पुलिस का वार्षिक निरीक्षण, दिए कड़े निर्देश

सक्ती।पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज डॉ. संजीव शुक्ला (भा.पु.से.) का दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण कार्यक्रम 22 व 23 दिसंबर 2025 को जिला सक्ती में सम्पन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था, अनुशासन, लंबित मामलों और जवानों की समस्याओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के पहले दिन पुलिस महानिरीक्षक ने थाना बाराद्वार का निरीक्षण किया। यहां लंबित अपराध, चालान, मर्ग प्रकरणों और महत्वपूर्ण शिकायतों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। साथ ही लघु अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।उन्होंने थाना परिसर, रिकॉर्ड रूम, मालखाना, सीसीटीएनएस और विवेचक कक्ष का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस स्टाफ से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इसके पश्चात पुलिस महानिरीक्षक अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालय सक्ती पहुंचे, जहां कार्यालयीन कार्य, डायजेस्ट, विभागीय जांच और लंबित शिकायतों की समीक्षा कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर एवं प्रभारी एसडीओपी हरीश यादव उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दूसरे दिन प्रातः जेठा कॉलेज ग्राउंड में आयोजित परेड की पुलिस महानिरीक्षक ने सलामी ली। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक उमेश कुमार राय ने किया। कुल 05 प्लाटून परेड में शामिल रहीं। परेड के दौरान ड्रिल और बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। उत्कृष्ट गणवेश व अनुशासन का प्रदर्शन करने वाले जवानों को पुरस्कृत भी किया गया।इसके साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति में त्वरित बल उपलब्ध कराने वाले शासकीय वाहनों का निरीक्षण कर उनके रखरखाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।परेड के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस दरबार का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। जवानों ने अपनी व्यक्तिगत व विभागीय समस्याएं पुलिस महानिरीक्षक के समक्ष रखीं, जिनके निराकरण का आश्वासन दिया गया।इस अवसर पर 05 नव-नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति आदेश प्रदान कर उन्हें कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को जनता से संवेदनशील व मर्यादित व्यवहार करने, परिवार को समय देने और स्वयं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने अपील की कि वर्ष 2026 में प्रत्येक पुलिसकर्मी हर माह जनहित में कम से कम एक अच्छा कार्य करने का संकल्प ले।साथ ही बेसिक पुलिसिंग, मजबूत सूचना तंत्र और नए कानूनों में निहित तकनीकों के प्रभावी उपयोग से अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया।निरीक्षण के अंतिम चरण में नवीन पुलिस लाइन में विभिन्न थाना-चौकियों से जब्त मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण पुलिस महानिरीक्षक की उपस्थिति में किया गया।
इसके पश्चात उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर कार्यप्रणाली की समीक्षा की और संबंधित प्रभारियों को बेहतर कार्य के लिए निर्देश दिए।कुल मिलाकर पुलिस महानिरीक्षक का यह वार्षिक निरीक्षण जिला पुलिस सक्ती के लिए मार्गदर्शक और प्रेरणादायक रहा, जिससे पुलिस की कार्यशैली, अनुशासन और जनता के प्रति विश्वास में निश्चित रूप से सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।



NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply