गणेश उत्सव को लेकर छाल पुलिस अलर्ट, सरपंच-पंच से लेकर गणेश समितियों तक की बैठक

SSP शशि मोहन सिंह, ASP अनिल सोनी और SDOP सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में छाल थाना पुलिस की पहल

रायगढ़। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से छाल थाना पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं गणेश उत्सव समितियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह, ASP अनिल सोनी के निर्देशन एवं SDOP सतरस भार्गव के मार्गदर्शन में आयोजित की गई, जिसमें थाना क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच, पंच, कोटवार एवं गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों को आमंत्रित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में छाल थाना प्रभारी नासिर खान एवं पुलिस टीम ने गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।पुलिस ने स्पष्ट किया कि गणेश उत्सव आस्था और भाईचारे का पर्व है, इसलिए इसे आपसी सौहार्द एवं शांति के साथ मनाया जाए। किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग, मारपीट या अशांति की स्थिति निर्मित न हो, इसका विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।

नशे से दूर रहकर मनाएं उत्सव बैठक में पुलिस ने गणेश उत्सव के दौरान शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन कर आयोजन में शामिल नहीं होने की समझाइश दी। समितियों और जनप्रतिनिधियों से भी अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करें और किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

DJ की आवाज को लेकर भी दिए निर्देश गणेश उत्सव के दौरान DJ एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों और समय-सीमा के अनुसार करने की समझाइश दी गई। पुलिस ने कहा कि उत्सव की खुशी में ध्वनि इतनी तेज न हो कि बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों, विद्यार्थियों या आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो। अनावश्यक तेज आवाज से पशु-पक्षियों को होने वाली परेशानी का भी ध्यान रखने की अपील की गई।

विसर्जन में सुरक्षा को दें प्राथमिकता बैठक में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने कहा गया। पुलिस ने समितियों से अपील की कि विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित रखें, निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान का ही उपयोग करें और गहरे पानी अथवा तेज बहाव वाले जलस्रोतों में जाने से बचें, विसर्जन के दौरान बच्चों एवं नाबालिगों को पानी के आसपास अकेले न जाने देने, शराब के नशे में किसी व्यक्ति को पानी में उतरने नहीं देने तथा किसी भी जोखिमपूर्ण गतिविधि से बचने की समझाइश दी गई। समिति के सदस्य विसर्जन के दौरान एक-दूसरे की सुरक्षा का ध्यान रखें और पुलिस प्रशासन द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।

पुलिस ने यह भी अपील की कि गणेश प्रतिमा का विसर्जन सम्मानपूर्वक और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए किया जाए, ताकि धार्मिक आस्था के साथ-साथ जलस्रोतों की स्वच्छता भी बनी रहे।

Cyber जागृति अभियान के तहत भी किया गया जागरूक बैठक को केवल गणेश उत्सव तक सीमित नहीं रखते हुए पुलिस द्वारा Cyber जागृति अभियान के तहत ग्रामीणों एवं समिति सदस्यों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में भी जागरूक किया गया,लोगों को समझाइश दी गई कि OTP, ATM PIN, बैंकिंग पासवर्ड, UPI PIN या अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध मोबाइल एप डाउनलोड करने या लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर के झांसे में आने से बचने कहा गया।

पुलिस ने फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, फर्जी KYC अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली ठगी तथा डिजिटल फ्रॉड के प्रति भी लोगों को सतर्क किया। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल शिकायत करने और समय गंवाए बिना संबंधित साइबर हेल्पलाइन एवं पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

बैठक के दौरान पुलिस ने जनप्रतिनिधियों, कोटवारों और गणेश उत्सव समितियों से कहा कि वे अपने-अपने गांवों में पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लोगों को जागरूक करें, ताकि गणेश उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

छाल थाना प्रभारी नासिर खान ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी। किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर पुलिस को तत्काल सूचना देने की अपील की गई।पुलिस की इस पहल का उद्देश्य गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, अनुशासित और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराना, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

SSP शशि मोहन सिंह का संदेश “गणेश उत्सव आस्था, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाएं। नशे से दूर रहें, DJ एवं ध्वनि का उपयोग नियमों के अनुरूप करें और विसर्जन के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। साथ ही साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ठगी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।”

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!