घरघोड़ा में प्रस्तावित बीएस स्पंज प्लांट पर ग्रामीण की आपत्ति, पर्यावरण और जलस्रोतों को लेकर उठाए सवाल
रायगढ़/घरघोड़ा, 23 सितंबर। घरघोड़ा तहसील के ग्राम नवापारा (टेण्डा) एवं चारमार में प्रस्तावित मेसर्स बी.एस. स्पंज प्रा.लि. की स्थापना को लेकर लोक सुनवाई से पहले पर्यावरणीय चिंताएं सामने आई हैं। ग्राम भेंगारी निवासी खबखरी अगरिया ने छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, रायगढ़ के क्षेत्रीय अधिकारी के समक्ष लिखित आपत्ति दर्ज कराते हुए क्षेत्र में पहले से संचालित औद्योगिक इकाइयों के कथित पर्यावरणीय प्रभावों का हवाला दिया है।
ग्रामीण ने प्रस्तावित उद्योग को पर्यावरणीय स्वीकृति दिए जाने पर सवाल उठाते हुए पूरे क्षेत्र के मौजूदा औद्योगिक दबाव और उसके संभावित प्रभावों की जांच की मांग की है।आपत्ति पत्र के अनुसार प्रस्तावित स्थल के आसपास पहले से महावीर एनर्जी प्रा.लि., टीआरएन एनर्जी और फिल कोलवासरी प्रा.लि. जैसी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं।
ग्रामीण का दावा है कि इन इकाइयों के कारण क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कोयला परिवहन करने वाले वाहनों की आवाजाही होती है। आपत्ति में महावीर एनर्जी के लिए करीब 50 ट्रक, टीआरएन एनर्जी के लिए करीब 500 ट्रक और फिल कोलवासरी के लिए करीब 200 ट्रकों की प्रतिदिन आवाजाही का उल्लेख किया गया है। इस आधार पर ग्रामीण ने क्षेत्र में करीब 750 ट्रकों की रोजाना आवाजाही का दावा करते हुए नए उद्योग की स्थापना से बढ़ने वाले औद्योगिक दबाव पर सवाल उठाया है।
ग्रामीण ने आरोप लगाया है कि मौजूदा औद्योगिक गतिविधियों से निकलने वाली फ्लाई ऐश, राख, धुआं और अन्य अपशिष्ट पदार्थों के कारण आसपास की मृदा, जल और हरित क्षेत्र प्रभावित हो रहे हैं। आपत्ति पत्र में दावा किया गया है कि इसका असर कृषि उत्पादन और लघु वनोपज पर भी पड़ा है। धान, तिल, उड़द, दलहन और सब्जियों की खेती प्रभावित होने का दावा करते हुए ग्रामीण ने क्षेत्र की पारंपरिक कृषि व्यवस्था और ग्रामीणों की आजीविका को लेकर चिंता जताई है।
आपत्ति में क्षेत्र की हरी मिर्च की खेती का भी उल्लेख किया गया है। ग्रामीण के अनुसार भेंगारी और चारमार क्षेत्र की हरी मिर्च पहले स्थानीय बाजार में अपनी गुणवत्ता के लिए पहचानी जाती थी, लेकिन औद्योगिक गतिविधियों के कथित दुष्प्रभावों के चलते अब इन गांवों में हरी मिर्च की खेती कम या बंद होने की स्थिति में पहुंच गई है।वहीं फ्लाई ऐश के उड़ने से त्वचा और श्वास संबंधी समस्याओं सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होने का भी आरोप लगाया गया है।
इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि हालांकि संबंधित विभागीय या स्वास्थ्य रिपोर्ट से नहीं हुई है।ग्रामीण ने प्रस्तावित परियोजना की पर्यावरणीय प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट में वन्यजीवों से संबंधित जानकारी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
आपत्ति में कहा गया है कि प्रस्तावित स्थल के आसपास जंगल क्षेत्र मौजूद है, रेलवे लाइन लगी हुई है और करीब 500 मीटर की दूरी पर हाथी पास क्षेत्र का उल्लेख किया गया है। साथ ही क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही और मानव-हाथी संघर्ष के कारण मुआवजा वितरण का भी हवाला दिया गया है।

ग्रामीण ने आशंका जताई है कि नए उद्योग से वन्यजीवों के आवास और आवाजाही पर अतिरिक्त प्रभाव पड़ सकता है।आपत्ति पत्र में टीआरएन एनर्जी के फ्लाई ऐश डाइक से निकलने वाले पानी को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीण का दावा है कि कथित रूप से यह पानी भेंगारी गांव के खेतों से होकर कुरकुट नदी तक पहुंचता है। इस मामले में भी संबंधित विभाग से जांच की मांग की गई है।
इसके अलावा महावीर कोल बेनिफिकेशन/महावीर एनर्जी से जुड़े संचालन और भूजल दोहन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीण का आरोप है कि जिस इकाई को बायोमास आधारित संचालन की अनुमति दी गई थी, वहां कथित रूप से कोयले का अधिक उपयोग किया जा रहा है। आपत्ति में पिछले कई वर्षों से फ्लाई ऐश जमा होने और भूजल के लगातार दोहन का भी आरोप लगाया गया है।
ग्रामीण ने पर्यावरण संरक्षण मंडल से प्रस्तावित बी.एस. स्पंज परियोजना को लेकर क्षेत्र के मौजूदा पर्यावरणीय हालात, जलस्रोत, कृषि भूमि, वन क्षेत्र, वन्यजीव और स्थानीय जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभावों का विस्तृत परीक्षण कराने की मांग की है। साथ ही आसपास संचालित उद्योगों से संबंधित पर्यावरणीय मानकों और अपशिष्ट प्रबंधन की भी जांच की मांग उठाई गई है।

ग्रामीण का कहना है कि जब क्षेत्र पहले से ही औद्योगिक गतिविधियों और भारी वाहनों के दबाव से जूझ रहा है, ऐसे में नए उद्योग की स्थापना से पहले इसके पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों का निष्पक्ष आकलन जरूरी है।
अब देखना होगा कि लोक सुनवाई के दौरान ग्रामीणों की इन आपत्तियों पर संबंधित विभाग और परियोजना प्रबंधन की ओर से क्या जवाब सामने आता है।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply