यातायात नियमों से लेकर साइबर ठगी तक… एनएसएस शिविर में प्रशिक्षु SI प्रवीण कुमार बांधव ने ग्रामीणों और युवाओं को किया जागरूक, संविधान दिवस पर दिलाई उद्देशिका की शपथ

रायगढ़। युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, जागरूकता और जनसेवा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से उत्तम मेमोरियल कॉलेज, पटेलपाली की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा ग्राम पंडरीपानी पश्चिम में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठवें दिन यातायात जागरूकता एवं साइबर फ्रॉड से बचाव को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान भूपदेवपुर पुलिस के प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव ने स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और ऑनलाइन ठगी के बढ़ते खतरे को लेकर विस्तार से जागरूक किया।

सड़क पर छोटी लापरवाही बन सकती है बड़े हादसे की वजह
कार्यक्रम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव ने यातायात नियमों के महत्व को समझाते हुए बताया कि सड़क पर सुरक्षित रहने के लिए नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, तेज गति से वाहन चलाने से बचने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने तथा सड़क पर जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
साइबर ठगी से बचने सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव
यातायात जागरूकता के साथ साइबर अपराधों को लेकर भी प्रवीण कुमार बांधव ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों से अवगत कराते हुए कहा कि डिजिटल दुनिया में थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान का कारण बन सकती है। अनजान लिंक पर क्लिक करने, किसी के साथ OTP साझा करने, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी देने और बिना जांच-पड़ताल के ऑनलाइन लेन-देन करने से बचने की सलाह दी गई। उन्होंने स्वयंसेवकों और ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहते हुए दूसरों को भी सावधान करने का संदेश दिया।

संविधान दिवस पर संविधान की उद्देशिका का लिया सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के दौरान 26 नवंबर संविधान दिवस के अवसर पर स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक शपथ लिया। संविधान के मूल आदर्शों, अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस गतिविधि में शिविर के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला संगठक राष्ट्रीय सेवा योजना, रायगढ़ डॉ. संतोष कुमार नायक उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान में राष्ट्रीय सेवा योजना की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार पटेल, कोड़तराई ने स्वयंसेवकों को शिविर के उद्देश्यों के अनुरूप सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रासेयो गीत एवं तालियों के माध्यम से शिविर में उत्साहपूर्ण वातावरण भी बनाया
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पंडरीपानी की सरपंच श्रीमती सावित्री साहू, शासकीय विद्यालय डोंगीतराई के प्राचार्य ए.एल. साहू, शिक्षक वीरेंद्र चौहान, अवधराम सिदार सहित अन्य शिक्षकगण, ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि उत्तम मेमोरियल कॉलेज की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का मुख्य विषय ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा’ है। इसी थीम के तहत शिविर में युवाओं, ग्रामीणों और समाज को जागरूक करने के लिए विभिन्न सामाजिक, जनसेवा एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply