सुदामा प्रसंग में आचार्य मृदुल कृष्ण बोले—निर्धनता और दरिद्रता में बड़ा अंतर, भक्ति के आगे नहीं देखा जाता अमीरी-गरीबी का भेद
खरसिया में श्रीमद्भागवत कथा के सप्तम दिवस उमड़ा आस्था का सैलाब, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और डॉ. रामप्रताप सिंह ने भी किया कथा श्रवण
खरसिया। श्रीमद्भागवत कथा के सप्तम दिवस खरसिया में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कथा व्यास आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और सुदामा चरित्र के माध्यम से सत्य, धर्म, भक्ति और जीवन मूल्यों का संदेश दिया। कथा का श्रवण करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंडाल में मौजूद रहे।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, रायपुर लोकसभा सांसद एवं पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भी भागवत कथा का श्रवण किया।
स्यमन्तक मणि प्रसंग से सत्य का संदेश सप्तम दिवस की कथा में आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी ने स्यमन्तक मणि प्रसंग का वर्णन करते हुए सत्य के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि सत्य को कुछ समय के लिए छिपाया जा सकता है, लेकिन उसे मिटाया नहीं जा सकता। सत्य के मार्ग पर चलने वाला व्यक्ति परेशान हो सकता है, लेकिन उसे पराजित नहीं किया जा सकता।आचार्य श्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण पर भी स्यमन्तक मणि चोरी करने और प्रसेन की हत्या का आरोप लगा था। सत्राजित ने अपनी शंका के आधार पर भगवान श्रीकृष्ण पर यह आरोप लगाया, जिसके बाद श्रीकृष्ण ने स्वयं मणि की खोज की और उसे सत्राजित को सौंपकर अपनी निर्दोषता सिद्ध की। इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने ‘सत्यमेव जयते’ का संदेश दिया।

भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का हुआ वर्णनकथा के दौरान आचार्य श्री ने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा भौमासुर के संहार और उसके बंधन से सोलह हजार एक सौ कन्याओं को मुक्त कराने की कथा सुनाई। इसके साथ ही ऊषा-अनिरुद्ध विवाह, द्विविद नामक वानर के वध की कथा तथा भगवान बलराम की लीला का भी विस्तार से वर्णन किया गया।
उन्होंने भीम और जरासंध के युद्ध तथा जरासंध के जन्म से जुड़ी कथा भी श्रद्धालुओं के समक्ष रखी। कथा के इन प्रसंगों के दौरान पंडाल में मौजूद श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण और अन्य देवी-देवताओं के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बनाते रहे।‘निर्धनता और दरिद्रता में बहुत अंतर है’सप्तम दिवस की कथा का सबसे भावपूर्ण प्रसंग सुदामा चरित्र रहा।
आचार्य श्री ने कहा कि निर्धनता और दरिद्रता में बहुत अंतर है। सुदामा जी निर्धन हो सकते हैं, लेकिन दरिद्र नहीं थे।उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण अपने भक्तों के साथ उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं करते। सुदामा चरित्र इस बात का उदाहरण है कि भगवान के लिए भक्त की संपत्ति नहीं, बल्कि उसकी निष्ठा और भक्ति महत्वपूर्ण है।आचार्य श्री ने बताया कि सुदामा भगवान श्रीकृष्ण के पास किसी मांग के साथ नहीं गए थे। उनके पास देने के लिए केवल पोहा था, लेकिन उन्होंने वही प्रेम और श्रद्धा से भगवान को अर्पित किया। श्रीकृष्ण ने भी सुदामा के प्रेम को स्वीकार किया और उनके परिवार की आवश्यकताओं की पूर्ति की।

भक्ति में सौदेबाजी नहीं, समर्पण जरूरी सुदामा चरित्र के माध्यम से आचार्य श्री ने यह भी संदेश दिया कि भक्ति को किसी लाभ के बदले नहीं किया जाना चाहिए। मनुष्य को अपने अच्छे कर्म और धर्म के मार्ग पर चलते रहना चाहिए। भगवान के प्रति सच्ची भक्ति और कर्म का फल समय आने पर प्राप्त होता है।उन्होंने सुदामा के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्चाई, धर्म, नैतिक कर्तव्य और समाज में आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार के लिए किया गया प्रयास अपने आप में महत्वपूर्ण है।
श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता केवल सांसारिक संबंध का उदाहरण नहीं, बल्कि निस्वार्थ प्रेम और भक्ति का भी संदेश देती है।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, गूंजा ‘राधे-राधे’ कथा के दौरान पूरा पंडाल श्रद्धालुओं से भरा रहा। सुदामा चरित्र और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं के वर्णन के बाद वातावरण भक्तिमय हो गया और पूरा पंडाल ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गूंज उठा।
इसके बाद ‘बांके बिहारी लाल तेरी जय होवें’, ‘सुन बरसाने वाली गुलाम तेरो बनवारी’, ‘आज ब्रज में होली रे रसिया’, लड्डू होली और फूल होली जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। भक्ति और संगीत के इस संगम ने कथा पंडाल का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply