“गौ संरक्षण पर स्पष्ट रुख — एसएसपी शशि मोहन सिंह की निगरानी में तस्करों पर लगातार प्रहार
ऑपरेशन शंखनाद जारी — दूसरे दिन भी 6 गौवंश मुक्त, लैलूंगा में तस्कर गिरफ्तार
रायगढ़, 16 फरवरी।जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत कार्रवाई लगातार जारी है। रायगढ़ पुलिस ने लगातार दूसरे दिन भी प्रभावी कार्रवाई करते हुए 6 नग गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिलेभर में अवैध मवेशी परिवहन और पशु क्रूरता के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। महाशिवरात्रि जैसे प्रमुख पर्व के दौरान भी पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय रूप से गश्त और निगरानी कर रही थी।
मुखबिर की सूचना पर हुई त्वरित कार्रवाई
दिनांक 15 फरवरी 2026 को थाना लैलूंगा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति गौवंश को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल उड़ीसा के बूचड़खाने की ओर ले जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई।ग्राम बांसडांड खालपारा तिराहा में घेराबंदी कर पुलिस ने एक व्यक्ति को 6 नग गौवंश के साथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सिद्धाराम अंचल (54 वर्ष), निवासी ग्राम बांसडांड, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ बताया। उसने स्वीकार किया कि वह गौवंश को धरमजयगढ़ क्षेत्र के आमापाली से खरीदकर उड़ीसा में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा था।
48 हजार कीमत के गौवंश जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 नग गौवंश, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 48,000 रुपये आंकी गई है, को विधिवत जप्त किया। सभी पशुओं का पशु चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया तथा उनके सुरक्षित संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।जांच में आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, 11 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पाया गया। थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 48/2026 दर्ज कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, एएसआई राजेश दर्शन, प्रधान आरक्षक देव प्रसाद चौहान, आरक्षक गोविंद बनर्जी, चमरसाय भगत एवं किशोर कुल्लू की सक्रिय भूमिका रही।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पूरी टीम ने समन्वय और सतर्कता के साथ यह कार्रवाई अंजाम दी।
एसएसपी का स्पष्ट संदेशवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा —“ऑपरेशन शंखनाद के तहत मवेशी तस्करी और पशु क्रूरता के मामलों में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। गौवंश के अवैध परिवहन एवं तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आम नागरिकों से अपील है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें — उनकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।”
तस्करों में हड़कंप, पुलिस सतर्क
लगातार दूसरे दिन हुई कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में गौवंश तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत चल रही मुहिम से मवेशी तस्करों में हड़कंप की स्थिति है, वहीं पुलिस प्रशासन ने संकेत दे दिया है कि अवैध गतिविधियों पर अब किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।रायगढ़ में यह अभियान आने वाले दिनों में और भी सख्ती के साथ जारी रहेगा।















Leave a Reply