रायगढ़ में नाबालिग बालिका से छेड़खानी मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, SSP ने दिखाया सख्त रुख
रायगढ़, 16 फरवरी: रायगढ़ जिले में महिला और नाबालिगों के खिलाफ अपराधों पर पुलिस ने जीरो टॉलरेंस का उदाहरण पेश किया है। महिला थाना की टीम ने घर में घुसकर नाबालिग बालिका से छेड़खानी करने वाले दो आरोपियों को घटनास्थल से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
जानकारी के मुताबिक, 13 फरवरी की रात करीब 11:30 बजे, पीड़िता अपने घर में सो रही थी, तभी रोहन उरांव (20) और पवन कुमार मिंज (25) ने घर में घुसकर बालिका के साथ छेड़खानी की। बालिका की चीख सुनकर परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी हाथ छुड़ाकर जंगल की ओर भाग गए।पीड़िता की मां ने अगले दिन महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर ने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत सूचना दी और मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस की सक्रियता के चलते दोनों आरोपी जल्दी ही हिरासत में आ गए और अपराध स्वीकार किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा,“महिला और नाबालिगों के खिलाफ अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी। रायगढ़ पुलिस की नीति पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की है। आम नागरिकों से अपील है कि इस तरह की घटनाओं की तुरंत सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके और समाज में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित रहे।”
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह, प्रधान आरक्षक राजेश उरांव, आरक्षक संदीप भगत और महिला थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।















Leave a Reply