Raigarh 07.03.26 Saturday
बिना प्रशासनिक अनुमति सड़क जाम कर प्रदर्शन करना अब महंगा पड़ सकता है। रायगढ़ पुलिस ने ऐसे मामलों में सख्त रुख अपनाते हुए सराईपाली–गेरवानी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले में 3 नामजद आरोपियों सहित 10 से 15 अन्य लोगों पर थाना पूंजीपथरा में अपराध पंजीबद्ध किया गया है।।
दरअसल 6 मार्च को ग्राम सराईपाली के साप्ताहिक बाजार के पास कुछ ग्रामीणों ने बिना अनुमति मुख्य सड़क को जाम कर वाहनों की आवाजाही रोक दी थी। अचानक हुए इस चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों के साथ-साथ काम पर जा रहे कर्मचारियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आई। एसडीएम घरघोड़ा, नायब तहसीलदार तमनार, थाना प्रभारी पूंजीपथरा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उनकी मांगें सुनीं और समझाइश देकर चक्काजाम समाप्त कराया, जिसके बाद सड़क पर आवागमन फिर से सामान्य हो सका।
इसी दौरान स्थानीय स्टील प्लांट की बस चला रहे चालक ने थाना पूंजीपथरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। बस चालक ने बताया कि वह रायगढ़ से रूपानाधाम स्टील प्लांट सराईपाली के कर्मचारियों को लेकर जा रहा था, तभी सराईपाली साप्ताहिक बाजार के पास पंकज प्रधान, ईश्वर किसान, संदीप भोय उर्फ पप्पू और अन्य लोगों ने सड़क जाम कर वाहनों की आवाजाही रोक दी, जिससे कर्मचारियों और अन्य यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बस चालक की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 31/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) और 191(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी मांगों को रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन बिना प्रशासनिक अनुमति सड़क जाम कर आमजन को परेशान करना कानून के खिलाफ है। ऐसे मामलों में आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन और पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी मुद्दे पर धरना, रैली या प्रदर्शन करना हो तो पहले प्रशासन से अनुमति लें और शांतिपूर्ण व वैधानिक तरीके से अपनी बात रखें, ताकि आमजन को असुविधा न हो और कानून व्यवस्था भी बनी रहे।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply