सक्ती पुलिस की शानदार उपलब्धियों को मिला सम्मान, नगर पालिका अध्यक्ष ने एसपी समेत पूरी टीम का किया अभिनंदन
205 किलो गांजा जब्ती से लेकर चर्चित हत्याकांडों के खुलासे तक उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए शाल और स्मृति-चिह्न भेंट, जनता की ओर से जताया आभार
सक्ती। जिले में लगातार बड़ी और चुनौतीपूर्ण आपराधिक घटनाओं का सफल खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली सक्ती पुलिस के उत्कृष्ट कार्यों को लेकर नगर के प्रथम नागरिक एवं नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर सहित पूरी पुलिस टीम का सम्मान किया।

जिलेवासियों की ओर से आयोजित इस सम्मान समारोह में पुलिस अधिकारियों और जवानों को शाल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनके कार्यों की सराहना की गई नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के नेतृत्व में सक्ती पुलिस ने कम समय में कई ऐसे मामलों का खुलासा किया है, जिनसे जिले में कानून व्यवस्था को लेकर आम लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
उन्होंने कहा कि दो वर्ष पुराने चर्चित दोहरे हत्याकांड का खुलासा, सेंदरी में वृद्ध दंपति हत्याकांड की गुत्थी सुलझाना, बिलासपुर संभाग की सबसे बड़ी 205 किलो अवैध गांजा जब्ती, दिनदहाड़े युवती की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी तथा 25 वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों को पकड़ना पुलिस की बड़ी उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय और प्रभावी कार्यशैली से अपराधियों में भय का माहौल बना है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है। जिलेवासी पुलिस के इन सराहनीय कार्यों के लिए पूरी टीम का सम्मान करते हैं और भविष्य में भी इसी तरह निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग की अपेक्षा रखते हैं।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने कहा कि दो वर्ष पुराने दोहरे हत्याकांड में लंबे समय तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल रहा था, लेकिन हाल ही में सामने आए समान घटनाक्रम के बाद जांच को नए सिरे से आगे बढ़ाया गया। वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस टीम की लगातार मेहनत के चलते दोनों मामलों के आरोपी एक ही निकले, जिन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
उन्होंने बताया कि इसी तरह थाना प्रभारी अनवर अली के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 26 घंटे तक लगातार नाकाबंदी कर 205 किलो अवैध गांजा बरामद किया, जबकि थाना प्रभारी लखन पटेल के नेतृत्व में युवती हत्याकांड का भी त्वरित खुलासा किया गया।
एसपी ने बताया कि इन उल्लेखनीय उपलब्धियों पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा पूरी पुलिस टीम को प्रशस्ति-पत्र और एक लाख रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बेहतर समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्य की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, डॉ. राजेश अग्रवाल, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रश्मि गभेल, गल्ला किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुनील बंसल, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, जिले के सभी थाना प्रभारी, उप निरीक्षक, आरक्षक तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कन्हैया गोयल, मनीष कथूरिया, मुकेश बंसल, राजू, कालू रघुनाथ, विक्की दुल्हन, प्रकाश, राहुल अग्रवाल (पत्रकार), संजय बिहारी, कालू और कृष्णा का विशेष योगदान रहा।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply