पटाखों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, घर में घुसकर युवक से मारपीट और अपहरण के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। दीपावली की रात पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अगले दिन हिंसक वारदात में बदल गया। युवक के घर में घुसकर मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और जबरन कार में बैठाकर ले जाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने मुख्य आरोपी अरुण शर्मा (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। फरार आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश और बढ़ते दबाव के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था।
इसके बाद पुलिस ने एक दिन का रिमांड लेकर पूछताछ की और वारदात में प्रयुक्त सफेद ऑल्टो कार सहित महत्वपूर्ण सामान जब्त किया। मामले में एक अन्य आरोपी दीप अग्रवाल पहले ही गिरफ्तार हो चुका है।घटना की शुरुआत 8 नवंबर 2026 की रात करीब 11 बजे सिग्नल चौक के पास हुई थी। हण्डी चौक निवासी 18 वर्षीय निमिश अग्रवाल अपने साथी आकर्ष शर्मा के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद हनी अग्रवाल, अरुण शर्मा, लक्ष्य शुक्ला और अन्य युवकों ने कमेंट करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हनी अग्रवाल और अरुण शर्मा ने निमिश के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे आकर्ष शर्मा के सिर पर अरुण शर्मा ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से वार कर दिया। उस रात विवाद के बाद दोनों युवक अपने घर लौट गए, लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।
अगली सुबह 9 नवंबर को करीब 7 बजे जब निमिश अपने घर में सो रहा था, तभी अरुण शर्मा, हनी अग्रवाल, लक्ष्य शुक्ला और दीप अग्रवाल सफेद ऑल्टो कार से वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों युवक जबरन घर में घुसे और पटाखे फोड़ने की बात को लेकर गाली-गलौज करते हुए निमिश से मारपीट करने लगे। इस दौरान अरुण शर्मा ने अपना जूता निकालकर उसके सिर पर वार किया और जान से मारने की धमकी दी।

इसके बाद आरोपियों ने निमिश को जबरन कार में बैठाया और बोईरदादर स्टेडियम के आगे एचपी गैस एजेंसी के पास ले जाकर दोबारा मारपीट की। इस पूरी घटना का वीडियो हनी अग्रवाल द्वारा बनाए जाने की बात भी शिकायत में सामने आई। बाद में आरोपी निमिश को हण्डी चौक के पास छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित की रिपोर्ट पर 9 नवंबर को कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 660/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 351(3), 115(2), 333, 140(3) एवं 3(5) में अपराध दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज की। विवेचना के दौरान 12 नवंबर को दीप अग्रवाल (26 वर्ष), निवासी विकास नगर, कोतरारोड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।इसी कार्रवाई के बीच मुख्य आरोपी अरुण शर्मा ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।

कोतवाली पुलिस ने न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सफेद ऑल्टो कार क्रमांक CG 13 AS 1381, एक मोबाइल फोन, हाथ में पहना जाने वाला स्टील का कड़ा और जूता जब्त किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरुण शर्मा पिता सोमवीर शर्मा (20 वर्ष), निवासी गजानंदपुरम कॉलोनी, रायगढ़ के रूप में हुई है। मामले के अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन एवं पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply