बिलासपुर में छात्र उत्तम गुप्ता की संदिग्ध मौत का मामला गरमाया, परिजन IG से करेंगे उच्च स्तरीय जांच की मांग
बिलासपुर/घरघोड़ा। बिलासपुर के लालखदान क्षेत्र में रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी प्रतियोगी परीक्षा के छात्र उत्तम कुमार गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गंभीर होता जा रहा है। परिजनों और मित्रों ने घटना को आत्महत्या मानने पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले की निष्पक्ष जांच और सभी पहलुओं का खुलासा कराने के लिए परिवार जल्द ही पुलिस महानिरीक्षक (IG) बिलासपुर को ज्ञापन सौंपने की तैयारी में है।
परिजनों का कहना है कि घटनास्थल की परिस्थितियां और कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्य ऐसे सवाल खड़े कर रहे हैं, जिनकी गहन जांच आवश्यक है। उनका दावा है कि घटना के बाद उत्तम का मोबाइल और लैपटॉप मौके से गायब मिले। वहीं, शव के पास एक युवती की सैंडिल और स्कार्फ मिलने की बात भी सामने आई है, जिसे लेकर परिजन पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग कर रहे हैं।
मामले में सामने आए कथित सुसाइड नोट को लेकर भी परिवार ने आपत्ति जताई है। परिजनों का कहना है कि नोट की लिखावट उत्तम की नहीं लगती। ऐसे में उसकी हैंडराइटिंग का वैज्ञानिक परीक्षण कराया जाना चाहिए, ताकि वास्तविकता स्पष्ट हो सके।
IG को ज्ञापन सौंपकर उठाएंगे जांच के अहम मुद्दे परिवार और शुभचिंतकों का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही बिलासपुर IG से मुलाकात कर मामले की उच्च स्तरीय अथवा SIT जांच की मांग करेगा। इसके साथ ही उत्तम के गायब मोबाइल की तलाश कर कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), आखिरी लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कराने की मांग रखी जाएगी।
परिजन दयालबंद से लालखदान के संत नगर तक के रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने की भी मांग करेंगे, ताकि यह पता चल सके कि उत्तम घटनास्थल तक कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। इसके अलावा कथित सुसाइड नोट की लिखावट का उसकी पुरानी कॉपियों और दस्तावेजों से मिलान कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रहेगी।
परिजनों का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी महत्वपूर्ण साक्ष्य की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। परिवार ने स्पष्ट किया है कि जब तक उत्तम की मौत की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा नहीं होता, तब तक वे न्याय के लिए अपनी आवाज उठाते रहेंगे।फिलहाल मौत के कारणों और घटना से जुड़े सभी आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। परिवार की मांग है कि पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply