रॉक गार्डन बोतल्दा में खौफनाक वारदात: युवती से सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट, 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बोतल्दा स्थित रॉक गार्डन में युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म और लूटपाट की गंभीर वारदात ने इलाके को झकझोर दिया है। सुनसान जगह पर घूमने पहुंचे एक युवक और युवती को निशाना बनाकर दो युवकों ने पहले लूटपाट की, फिर युवक पर डंडे से जानलेवा हमला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद युवती को जान से मारने की धमकी देकर दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया और किसी को इसकी जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
मामले में खरसिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पीड़िता की लिखित शिकायत के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को वह अपने गांव से एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल पर रेलवे स्टेशन सक्ती जाने के लिए निकली थी। ट्रेन लेट होने के कारण दोनों घूमते हुए दोपहर में रॉक गार्डन बोतल्दा पहुंच गए। इसी दौरान गार्डन की सीढ़ियां चढ़ते समय पीछे से आए दो युवकों ने उन्हें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने युवती के मोबाइल में रखे 1,200 रुपये और उसके मित्र के पास से 10,000 रुपये लूट लिए। इसके बाद युवक के सिर और शरीर पर डंडे से हमला कर उसे बेहोश कर दिया।
युवक के असहाय होने का फायदा उठाकर दोनों आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। कुछ समय बाद युवक को होश आया तो आरोपियों ने दोनों का वीडियो बनाया और घटना उजागर करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर वहां से चले गए।
पीड़िता की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले को गंभीरता से लिया। घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह तक पहुंचने के बाद उन्होंने एसडीओपी खरसिया श्री सतीश भार्गव और थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव को आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने बोतल्दा में स्थानीय लोगों से पूछताछ करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
संदेहियों के फोटो पीड़िता को दिखाकर पहचान की पुष्टि की गई, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का पुनर्निर्माण भी कराया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल पटेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी बोतल्दा थाना खरसिया और थनेश्वर प्रसाद पटेल, उम्र 20 वर्ष, निवासी बोतल्दा थाना खरसिया के रूप में हुई है। राहुल पटेल शारडा कंपनी डभरा में, जबकि फनेश्वर प्रसाद पटेल SKY कंपनी चपले में मजदूरी का काम करता था।
पुलिस पूछताछ और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर फनेश्वर प्रसाद पटेल के कब्जे से घटना का वीडियो बनाने में इस्तेमाल किया गया आईफोन मोबाइल और लूट की रकम में से 1,500 रुपये बरामद किए गए। वहीं राहुल पटेल से 3,000 रुपये और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा जब्त किया गया। आरोपियों के मोबाइल की जांच के दौरान अन्य युवतियों के फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिनके संबंध में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

इस मामले में थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 597/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 309(6) और 70 में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एक सुनसान पर्यटन स्थल पर इस तरह की गंभीर वारदात ने सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा, निगरानी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। खास बात यह है कि आरोपियों द्वारा घटना का वीडियो बनाए जाने और अन्य युवतियों से जुड़े फोटो-वीडियो मिलने की जानकारी सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं युवतियों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को रायगढ़ पुलिस गंभीरता से लेती है। ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं की सुरक्षा और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस गंभीर मामले के खुलासे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के सतत पर्यवेक्षण में खरसिया थाना प्रभारी निरीक्षक सीताराम ध्रुव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार सिन्हा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र खर्रे प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक विशोप सिंह, सत्या सिदार, योगेश सिदार,सूरज साहू सहित अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply