दशगात्र कार्यक्रम में बाइक चोरी की कोशिश नाकाम, रायगढ़ का शातिर चोर रंगे हाथ गिरफ्तार

दशगात्र कार्यक्रम में बाइक चोरी की कोशिश नाकाम: रायगढ़ का शातिर चोर रंगे हाथों गिरफ्तार, डभरा पुलिस ने भेजा जेल

रात ढाई बजे घर के बाहर खड़ी स्प्लेंडर बाइक चुराने की कोशिश, परिवार की सतर्कता से आरोपी दबोचा गया। पुलिस ने बाइक और मास्टर चाबियां बरामद कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।

सक्ती/डभरा। जिले के डभरा थाना क्षेत्र में दशगात्र कार्यक्रम के दौरान घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी करने की कोशिश एक शातिर युवक को भारी पड़ गई। रात के अंधेरे में बाइक लेकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को मकान मालिक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर ही पकड़ लिया गया।

सूचना मिलने पर डभरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने चोरी की बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई दो चाबियां बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जिला सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) सुमित गुप्ता के नेतृत्व में डभरा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

रात 2:30 बजे चोरी का प्रयास, आवाज सुनकर खुली नींद

पुलिस के अनुसार, 05 जुलाई 2026 की रात करीब 2:30 बजे प्रार्थी कीर्तनलाल केंवट, निवासी वार्ड क्रमांक-10 डभरा, के घर के सामने उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG 11 EM 8398) खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक बाइक चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहा था।आहट मिलने पर कीर्तनलाल की नींद खुल गई। उन्होंने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया। बाद में उसे डभरा पुलिस के हवाले कर दिया गया।

रायगढ़ का रहने वाला निकला आरोपी

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अविनाश चौहान उर्फ मिथुन (30 वर्ष) पिता टारजन निवासी इंदिरा नगर, गंगाराम तालाब, थाना कोतवाली रायगढ़ तथा वर्तमान पता ढीमरापुर, केंवडाबाड़ी चौक, वार्ड क्रमांक-05 बताया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी का प्रयास करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल और दो चाबियां जब्त कीं

बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज

डभरा थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 241/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। इसके बाद 06 जुलाई 2026 को आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय डभरा में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।

इन पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश पटेल, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तेजेंद्र सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक हरनारायण ताम्रकार, आरक्षक मीरिश साहू, रामगोपाल यादव, शैलेंद्र देवांगन एवं जोगेश राठौर की विशेष भूमिका रही।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!