रायगढ़ से प्रयागराज के लिए स्पेशल ट्रेन से रायगढ़ को सीधा फायदा
16-16 फेरों का होगा संचालन, रायगढ़ में रात 12.25 बजे आएगी प्रयागराज से आने वाली ट्रेन
रायगढ़/ ट्रेनों में बढ़ती अतिरिक्त भीड़ और यात्रियों को कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे ने प्रयागराज-विशाखापटनम-प्रयागराज के बीच 16-16 फेरों के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में वाणिज्यिक ठहराव दिया गया है। ऐसे में रायगढ़ और आसपास के यात्रियों को प्रयागराज तथा विशाखापटनम के लिए सीधी रेल सुविधा मिलने से लंबी दूरी की यात्रा में काफी सहूलियत होगी।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 04159 प्रयागराज-विशाखापटनम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 14 अगस्त से 27 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को प्रयागराज से रवाना होगी। यह ट्रेन शनिवार की मध्यरात्रि 00.25 बजे रायगढ़ पहुंचेगी और 00.30 बजे रवाना होकर विशाखापटनम पहुंचेगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 04160 विशाखापटनम-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 15 अगस्त से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को विशाखापटनम से चलेगी।
यह ट्रेन रविवार को तड़के 03.55 बजे रायगढ़ पहुंचेगी और 04.00 बजे प्रयागराज के लिए रवाना होगी।इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से रायगढ़ के यात्रियों को प्रयागराज और विशाखापटनम जाने के लिए एक अतिरिक्त रेल विकल्प मिलेगा। खासकर वर्तमान में नियमित ट्रेनों में कंफर्म टिकट की मारामारी और भीड़ को देखते हुए यह ट्रेन यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
प्रयागराज धार्मिक एवं शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण शहर है, वहीं विशाखापटनम पर्यटन, चिकित्सा और व्यावसायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में इन दोनों शहरों की सीधी रेल सुविधा मिलने से रायगढ़ जिले के यात्रियों को यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी।प्रयागराज जाने वाले यात्रियों को शुक्रवार रात रवाना होने वाली ट्रेन में सफर का विकल्प मिलेगा, जबकि विशाखापटनम से लौटने वाली ट्रेन रविवार तड़के रायगढ़ पहुंचेगी।
रायगढ़ के साथ बिलासपुर संभाग के अन्य स्टेशनों को भी लाभ
इस ट्रेन का ठहराव दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल के शहडोल, अनूपपुर, पेंड्रारोड, बिलासपुर और रायगढ़ स्टेशनों पर दिया गया है। इसके अलावा दोनों दिशाओं में मानिकपुर, सतना, कटनी, झारसुगुड़ा रोड, संबलपुर, बरगढ़ रोड, बलांगीर, टिटिलागढ़, केसिंगा, मुनिगुड़ा, रायगढ़ा, कूनेरु, पार्वतीपुरम, बोब्बिली और विजयनगरम सहित अन्य स्टेशनों पर भी ट्रेन का ठहराव रहेगा। इससे रायगढ़ के अलावा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लंबी दूरी की सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
22 कोच की होगी ट्रेन
स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। इसमें एक पावरकार, एक एसएलआरडी, पांच जनरल, सात स्लीपर, एक एसी-2, चार एसी-3 और तीन एसी-3 इकोनॉमी कोच शामिल हैं। रेलवे का उद्देश्य अतिरिक्त भीड़ के दौरान यात्रियों को अधिक से अधिक कंफर्म बर्थ उपलब्ध कराना है। अलग-अलग श्रेणी के कोच होने से सामान्य यात्रियों के साथ-साथ स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को भी विकल्प मिलेगा।
तीन महीने से अधिक समय तक चलेगी सुविधा
प्रयागराज से विशाखापटनम जाने वाली ट्रेन 14 अगस्त से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और विशाखापटनम से प्रयागराज लौटने वाली ट्रेन 15 अगस्त से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार संचालित होगी। इस तरह रायगढ़ के यात्रियों को लगातार तीन महीने से अधिक समय तक इस अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा। त्योहारी और अन्य व्यस्त अवधि में यात्रियों की बढ़ती मांग के बीच यह स्पेशल ट्रेन रायगढ़ से प्रयागराज और विशाखापटनम जाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प बनकर सामने आई है।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply