रायगढ़ में “साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

रायगढ़ में “साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा प्रदेशव्यापी अभियान

रायगढ़। साइबर अपराध के विरुद्ध आम लोगों को जागरूक और सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा “साइबर जागृति अभियान” शुरू किया जा रहा है। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलने वाला यह सात सप्ताह का प्रदेशव्यापी अभियान जनभागीदारी और सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता फैलाएगा।

अभियान की मुख्य थीम “साइबर जागृति की एक सेल्फी” है। इसके तहत प्रदेशवासी छत्तीसगढ़ पुलिस और संबंधित जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी लिंक को क्लिक कर या QR Code स्कैन कर जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में अपनी सेल्फी ले सकेंगे और उसे अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर शेयर करेंगे। इससे साइबर अपराध के प्रति जागरूकता का संदेश उनके फॉलोअर्स और फ्रेंड्स तक पहुंचेगा।

रायपुर में मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री ने किया शुभारंभ

“साइबर जागृति अभियान” का शुभारंभ राजधानी रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री एवं माननीय गृहमंत्री द्वारा किया गया। वहीं रायगढ़ जिले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए अभियान की लिंक एवं QR Code जारी कर इसका शुभारंभ किया।

Asp अनिल कुमार सोनी ने स्वयं अपने मोबाइल से QR Code स्कैन कर सेल्फी ली और इसके बाद अपनी सेल्फी फ्रेम को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इस अवसर पर उन्होंने जिलावासियों को अभियान की जानकारी देते हुए सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों, संस्थानों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, गणमान्य नागरिकों, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, प्रोफेशनल्स और कलाकारों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की।

“साइबर अपराध के खिलाफ भी एकजुट होना होगा” — अनिल सोनी

अभियान के उद्देश्य की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने कहा कि जिस तरह देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट होकर लड़े थे, उसी तरह साइबर क्राइम के विरुद्ध भी सभी को साथ मिलकर लोगों को जागरूक और साइबर सुरक्षित बनाना होगा।

उन्होंने आमजनों से “साइबर जागृति अभियान” के लिए जागरूकता की एक सेल्फी लेने, उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने और साइबर अपराधों को रोकने में रायगढ़ जिला पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

सात सप्ताह तक अलग-अलग स्तर पर चलेगा अभियान

रायगढ़ जिला पुलिस ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में व्यापक कार्यक्रम तैयार किए हैं। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह में साइबर अपराधों से जुड़े अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पहला सप्ताह: स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी सुरक्षा को लेकर अभियान।

दूसरा सप्ताह: बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों में वित्तीय धोखाधड़ी और UPI सुरक्षा को लेकर जागरूकता।

तीसरा सप्ताह: वरिष्ठ नागरिकों के साथ डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल के विषय पर टाउन हॉल का आयोजन।

चौथा सप्ताह: महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों के बीच स्मार्टफोन प्राइवेसी और सेफ ब्राउज़िंग को लेकर अभियान।

पांचवां सप्ताह: रोजगार कार्यालयों, ITI और कौशल विकास केंद्रों में युवाओं को जॉब फ्रॉड और फिशिंग के प्रति जागरूक किया जाएगा।

छठवां सप्ताह: डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया की सीमाओं को लेकर जागरूकता अभियान।

सातवां सप्ताह: ग्राम पंचायतों और निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” का संकल्प अभियान।

चौक-चौराहों और बाजारों में भी होगा प्रचार

जिला पुलिस टीमों एवं स्थानीय थानों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से QR Code का प्रचार किया जाएगा। साथ ही राज्य पुलिस एवं जिला पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल्स और व्हाट्सऐप ग्रुप्स के माध्यम से अभियान की लिंक शेयर कर लोगों को सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

2 अक्टूबर 2026, गांधी जयंती के दिन “साइबर जागृति अभियान” का समापन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के जरिए साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और छत्तीसगढ़ को साइबर अपराध से सुरक्षित बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास करना है।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!