चुनावी रणभेरी से पहले रायगढ़ में सियासी हलचल, कांग्रेस के संभावित चेहरों पर ऑनलाइन सर्वे शुरू
सीजी रिपोर्ट के फेसबुक सर्वे में रामचंद्र शर्मा को 45 प्रतिशत से अधिक समर्थन, जयंत ठेठवार भी चर्चा में; 313 लोगों ने अब तक दर्ज कराई राय
रायगढ़। विधानसभा चुनाव में अभी करीब दो साल का समय बाकी है, लेकिन रायगढ़ की सियासत में संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं अभी से तेज होने लगी हैं। राजनीतिक गतिविधियों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी चुनावी माहौल बनने लगा है। इसी कड़ी में सीजी रिपोर्ट मीडिया ग्रुप ने रायगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस के संभावित दावेदारों को लेकर ऑनलाइन सर्वे शुरू किया है, जिसकी चर्चा शहर के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में होने लगी है।
सीजी रिपोर्ट ने अपने फेसबुक पेज पर कांग्रेस की ओर से संभावित दावेदारों के रूप में प्रकाश नायक, अरुण गुप्ता और रामचंद्र शर्मा के नाम एवं तस्वीरें साझा कर लोगों से उनकी राय मांगी है। साथ ही सर्वे में अन्य किसी नाम को पसंद करने वाले लोगों को भी अपनी पसंद दर्ज कराने का विकल्प दिया गया है।
पिछले दो-तीन दिनों से जारी इस ऑनलाइन सर्वे में खबर लिखे जाने तक 313 लोग अपनी राय दर्ज करा चुके थे। सर्वे के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए शहर के जाने-माने शिक्षाविद् एवं समाजसेवी रामचंद्र शर्मा को 45 प्रतिशत से अधिक समर्थन मिला है।
वहीं कांग्रेस नेता जयंत ठेठवार करीब 20 प्रतिशत समर्थन के साथ सर्वे में शामिल प्रमुख नामों में हैं। इसके अलावा विभाष सिंह ठाकुर, प्रकाश नायक, अरुण गुप्ता, अनिल अग्रवाल चीकू और सलीम नियारिया सहित अन्य नामों पर भी लोगों ने अपनी पसंद जाहिर की है।
इस ऑनलाइन सर्वे ने रायगढ़ विधानसभा में कांग्रेस के संभावित चेहरे को लेकर नई राजनीतिक चर्चा को जन्म दे दिया है। खास बात यह है कि रामचंद्र शर्मा का नाम भी अब संभावित दावेदारों की चर्चा में प्रमुखता से सामने आ रहा है। शिक्षाविद् और समाजसेवी के रूप में उनकी सार्वजनिक पहचान के चलते उनके नाम को लेकर लोगों में उत्सुकता देखी जा रही है।
इधर, सीजी रिपोर्ट मीडिया ग्रुप ने खरसिया विधानसभा सीट को लेकर भी अलग ऑनलाइन सर्वे शुरू किया है। इसमें भाजपा की ओर से संभावित चेहरों के रूप में महेश साहू, कमल गर्ग और शिखा रविंद्र गबेल के नाम शामिल किए गए हैं। इस सर्वे के परिणाम को लेकर भी लोगों की नजर बनी हुई है।
हालांकि विधानसभा चुनाव में अभी लंबा समय शेष है और इस दौरान राजनीतिक समीकरण, दावेदारी तथा परिस्थितियों में कई बदलाव संभव हैं। सोशल मीडिया पर चल रहे ऐसे सर्वे को किसी पार्टी का आधिकारिक सर्वे या चुनावी नतीजों का संकेत नहीं माना जा सकता।
फिलहाल रायगढ़ और खरसिया दोनों विधानसभा क्षेत्रों में संभावित प्रत्याशियों के नामों को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। अब देखना होगा कि ऑनलाइन सर्वे के अंतिम आंकड़े क्या तस्वीर सामने लाते हैं।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply