नवागढ़ में ग्रामीणों ने लिया पूर्ण शराबबंदी का संकल्प, अवैध शराब पर पुलिस की सख्त चेतावनी
रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” को पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी से भी मजबूती दी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा गांव-गांव पहुंचकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने सामूहिक पहल करते हुए गांव में पूर्ण शराबबंदी का संकल्प लिया।
ग्राम नवागढ़ में ग्रामीणों द्वारा इस निर्णय को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह पहल केवल शराबबंदी तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सामाजिक कदम है,उन्होंने कहा कि नशे का प्रभाव सड़क दुर्घटनाओं के साथ-साथ घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य अपराधों के रूप में भी सामने आता है। विशेष रूप से नशे में वाहन चलाना कई सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनता है। ऐसे में ग्रामीणों का सामूहिक रूप से शराब से दूर रहने का निर्णय गांव को अधिक सुरक्षित और स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

थाना प्रभारी ने कहा कि जिस तरह एक व्यक्ति को देखकर दूसरा व्यक्ति अच्छी या बुरी आदत अपनाता है, उसी तरह एक गांव की सकारात्मक पहल दूसरे गांवों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवागढ़ के ग्रामीणों का यह संकल्प आसपास के अन्य गांवों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने अवैध शराब बनाने और बेचने वालों को स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से शराबबंदी का निर्णय लेने के बाद यदि गांव में चोरी-छिपे अवैध शराब बनाने या बेचने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ग्रामीणों से ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।ग्राम नवागढ़ के ग्रामीणों ने भी नशे के खिलाफ रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान और जागरूकता प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों ने भरोसा दिलाया कि वे शराबबंदी के निर्णय को प्रभावी बनाने के लिए आपसी सहयोग बनाए रखेंगे और अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देंगे।

रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” अब अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है। पुलिस का उद्देश्य नशामुक्त गांव, सुरक्षित परिवार और अपराधमुक्त समाज की दिशा में जनभागीदारी को मजबूत करना है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई से पूरी नहीं हो सकती। जब पुलिस के साथ समाज और ग्रामीण स्वयं आगे आते हैं, तभी नशामुक्ति का अभियान मजबूत होता है। किसी गांव द्वारा स्वेच्छा से शराबबंदी का निर्णय लेना सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण है। रायगढ़ पुलिस ऐसे हर प्रयास में ग्रामीणों के साथ खड़ी है।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply