रायगढ़, 28 मार्च 2025 – चक्रधरनगर पुलिस ने होली की रात हुए एक ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली है। यह मामला 14 मार्च 2025 का है, जब भैंसाकोठा गली में एक अज्ञात व्यक्ति की लाश मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रशांत राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 35/2025 के तहत मामला दर्ज किया। शव के चेहरे पर रंग-गुलाल लगा हुआ था, जिससे पहचान मुश्किल हो रही थी।
17 मार्च को मृतक की पहचान हुई
पुलिस के लिए यह मामला चुनौतीपूर्ण था, लेकिन 17 मार्च को मृतक के बड़े भाई ने शव की पहचान साधराम निराले (42 वर्ष), निवासी गोपालपुर थाना चक्रधरनगर के रूप में की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का खुलासा
20 मार्च को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पाया गया कि साधराम के गले और सीने पर गहरी चोटें थीं, पसलियां टूटी हुई थीं और लीवर फट गया था। रिपोर्ट में किसी भारी और भोंथरी वस्तु से वार किए जाने का जिक्र था, जिससे मामला हत्या का निकला।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक युवक मृतक को मारते हुए दिखा। हालांकि, फुटेज में उसकी पहचान साफ नहीं हो रही थी, लेकिन एक महिला भी उसके साथ नजर आई। प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही के आधार पर पुलिस ने पता लगाया कि 13 मार्च की रात एक व्यक्ति ने साधराम को बेरहमी से पीटकर वहीं छोड़ दिया था।
आरोपी अंकित अग्रवाल गिरफ्तार
गहन जांच के बाद पुलिस ने संदिग्ध की पहचान अंकित अग्रवाल (निवासी सरला विला, संजय नगर) के रूप में की। गवाहों ने भी उसकी पहचान की। हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ करने पर अंकित ने हत्या की बात कबूल कर ली।
पत्नी से छेड़खानी बनी हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपी अंकित ने बताया कि 13 मार्च को वह अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से बाजार गया था। उसी दौरान साधराम ने उसकी पत्नी से छेड़खानी की। गुस्से में आकर अंकित ने अपनी स्कूटी (CG 13 AH 2331) से साधराम का पीछा किया और उसे भैंसाकोठा गली में रोककर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। घायल साधराम को तड़पता छोड़कर वह वहां से भाग गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने अंकित अग्रवाल (33 वर्ष) पिता स्व. विजेंद्र अग्रवाल, निवासी संजय नगर को गिरफ्तार कर उसकी स्कूटी जब्त कर ली। अपराध क्रमांक 131/2025 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में थाना प्रभारी प्रशांत राव, सहायक उप निरीक्षक नंद कुमार सारथी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, आरक्षक पुष्पेंद्र जाटवर, विक्रम सिंह, विकास प्रधान और प्रताप बेहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













Leave a Reply