ग्राम मुरा में गांजा बिक्री पर पुलिस की कार्रवाई, महिला आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 15 जनवरी
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में भूपदेवपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्राम मुरा से एक महिला आरोपी को गांजा बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है।
भूपदेवपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम मुरा निवासी एक महिला अपने घर के आसपास अवैध रूप से गांजा बेचने की गतिविधियों में लिप्त है। सूचना की पुष्टि के बाद SDOP प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में तत्काल पुलिस टीम गठित कर दबिश की कार्रवाई की गई।
सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम मुरा में रेड की, जहां संदेह के आधार पर महिला को तलब कर नियमानुसार उसकी सहमति से तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 230 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसे वह बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए थी। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग ₹1100 बताई जा रही है।
आरोपी महिला की पहचान मुन्नीबाई पटेल पति स्वर्गीय नरेश पटेल, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम मुरा, थाना भूपदेवपुर के रूप में हुई है। गांजे के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार महिला को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
भूपदेवपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देशन और SDOP के मार्गदर्शन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।













Leave a Reply