हाईवे पर आधी रात का खेल: पुलिस दिखी… स्कॉर्पियो पलटी, ड्राइवर गायब
रायगढ़।हाईवे पर आधी रात एक संदिग्ध स्कॉर्पियो का अचानक पलटना केवल एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि डीजल चोरी गैंग की ओर इशारा करने वाली बड़ी घटना बन गया।
पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भाग रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो एनएच-49 पर अमलीभौना स्थित HP पेट्रोल पंप के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन से डीजल चोरी में उपयोग होने वाले औजार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की गई है।
दरअसल, एडिशनल एसपी अनिल कुमार सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल द्वारा रात्रि गश्त के दौरान डीजल चोरी गैंग की गतिविधियों पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए थे।
इसी कड़ी में पुलिस हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर सतर्क थी। भोर के समय खरसिया से रायगढ़ की ओर आती एक संदिग्ध स्कॉर्पियो पर नजर पड़ी। पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन कुछ ही दूरी पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया।सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच के दौरान स्कॉर्पियो का पंजीयन क्रमांक CG-04-BT-0664 और इंजन नंबर IS-4G79712 पाया गया, लेकिन वाहन के अंदर कोई मौजूद नहीं था। तलाशी लेने पर गाड़ी से करीब दो मीटर लंबी प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, 10 लीटर क्षमता की जरीकेन में भरा डीजल, एक अतिरिक्त फर्जी नंबर प्लेट CG-12-BT-6416 और बिना सिम के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस का मानना है कि बरामद सामग्री डीजल चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाती रही होगी। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए जूटमिल पुलिस ने धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन मालिक और फरार चालक की पतासाजी की जा रही है।
फिलहाल, हाईवे पर हुई यह रहस्यमयी घटना डीजल चोरी के संगठित नेटवर्क की ओर इशारा कर रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।















Leave a Reply