कप्तान शशि मोहन सिंह का एक्शन 👊48 घंटे में 214 फरार वारंटी गिरफ्तार,22 साल बाद धराया फरार आरोपी, 48 घंटे के अभियान में 214 वारंटी गिरफ्तार

रायगढ़ | 6 फरवरी 2026

4

जिले में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए 48 घंटे का विशेष महा अभियान चलाया गया। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में एक साथ पुलिस टीमों को उतारकर सुनियोजित तरीके से दबिश दी गई।

अभियान के दौरान रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 214 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी गिरफ्तार वारंटियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। पुलिस टीमों ने न सिर्फ जिले के भीतर, बल्कि अन्य जिलों और राज्य के बाहर तक जाकर फरार आरोपियों की तलाश की और उन्हें पकड़कर रायगढ़ लाया।

इस विशेष अभियान में तमनार थाना पुलिस सबसे आगे रही, जहां 26 स्थायी और 2 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इसी दौरान वर्ष 2004 के मारपीट और चोरी के प्रकरण में फरार चल रहे वारंटी साधुराम राठिया, निवासी टांगरघाट थाना तमनार, को 22 साल बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था। गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही गई है।

पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ इसी तरह सघन और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध कर कोई भी आरोपी या वारंटी छिप नहीं सकता। रायगढ़ पुलिस आगे भी फरार आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!