Raigarh में गौ तस्करों पर चला पुलिस का डंडा — 8 गौवंश मुक्त, 3 आरोपी जेल
रायगढ़ | 08 फरवरी 2026रायगढ़ जिले में गौवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने पैदल क्रूरतापूर्वक हांककर उड़ीसा की ओर ले जाए जा रहे 8 गौवंशों को सुरक्षित मुक्त कराते हुए तीन पशु तस्करों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई। जिले में गौवंश तस्करी पर पूर्णतः अंकुश लगाने के उद्देश्य से सभी थाना प्रभारियों को पहले ही सख्त निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग कुंजारा क्षेत्र से गौवंशों को बिना चारा-पानी, मारते-पीटते हुए पैदल उड़ीसा की ओर ले जा रहे हैं।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव ने तत्काल टीम गठित कर लैलूंगा अटल चौक के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में पुलिस टीम ने तीन व्यक्तियों को 8 गौवंशों के साथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम मायाराम नागवंशी (45), सोहन यादव (47) और विद्याधर नागवंशी (36), सभी निवासी थाना बागबहार जिला जशपुर बताया।पुलिस द्वारा गौवंश परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद गवाहों के समक्ष 8 गौवंशों को जप्त कर तत्काल उनके लिए पानी और चारे की व्यवस्था की गई तथा उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखा गया।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के तहत कार्रवाई की है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव के साथ प्रधान आरक्षक राम प्रसाद चौहान एवं आरक्षक चमार साय भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्रवाई को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जिले में गौवंश तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और आम नागरिकों से अपील है कि कहीं भी पशु तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके















Leave a Reply