ग्राम चिलकीगुडी में पुलिस जन चौपाल: नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने लिया संकल्प

ग्राम चिलकीगुडी में पुलिस जन चौपाल: नशा मुक्ति और साइबर सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने लिया संकल्प

रायगढ़, 24 फरवरी। जिले में नशे और साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने ग्राम चिलकीगुडी में एक प्रभावशाली जन चौपाल का आयोजन किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, विशेषकर महिलाएं, शामिल हुईं और गांव को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा कई गंभीर अपराधों की जड़ है। नशे के कारण न केवल पारिवारिक विघटन होता है, बल्कि दुर्घटनाएं और आपराधिक घटनाएं भी बढ़ती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।

इस दौरान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियानों की जानकारी भी दी गई। अवैध शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर नियंत्रण के लिए “ऑपरेशन आघात” चलाया जा रहा है, जबकि मवेशी तस्करी के विरुद्ध “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत सख्त कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि इन अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।जन चौपाल में महिला समूहों की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही। क्षेत्र की महिलाओं द्वारा शराबबंदी को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांव स्तर पर सामूहिक जागरूकता ही स्थायी बदलाव ला सकती है। ग्रामीणों ने पुलिस का सहयोग करने और गांव को नशा मुक्त बनाने का भरोसा दिलाया।साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति भी सचेत किया गया।

पुलिस ने समझाया कि अज्ञात कॉल, ओटीपी मांगने वाले फोन, बैंक या केवाईसी अपडेट के नाम पर जानकारी मांगने वालों से सावधान रहें। किसी भी स्थिति में बैंकिंग जानकारी साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।इस अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश भी ग्रामीणों तक पहुंचाया गया, जिसमें उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए घातक है और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने जन सहयोग को सुरक्षित और जागरूक समाज की बुनियाद बताया।

रायगढ़ पुलिस द्वारा ग्रामीण अंचलों में लगातार जन चौपाल और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से कानून के प्रति विश्वास मजबूत करने और अपराधों की रोकथाम की दिशा में ठोस पहल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!