तैयारी का प्रदर्शन नहीं, प्रतिबद्धता का संदेश पुलिस लाइन में एसएसपी का सख्त और सूक्ष्म निरीक्षण

तैयारी का प्रदर्शन नहीं, प्रतिबद्धता का संदेश: पुलिस लाइन में एसएसपी का सख्त और सूक्ष्म निरीक्षण
रायगढ़ पुलिस लाइन में शुक्रवार की सुबह सिर्फ एक औपचारिक निरीक्षण नहीं थी… बल्कि यह तैयारी, अनुशासन और जवाबदेही का खुला प्रदर्शन था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने वार्षिक निरीक्षण के दौरान साफ कर दिया कि कानून व्यवस्था केवल आदेशों से नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास और मानसिक सजगता से संभाली जाती है।
परेड ग्राउंड में कदमताल की गूंज के बीच एसएसपी ने सलामी ली और एक-एक प्लाटून की अनुशासन क्षमता को परखा। निरीक्षण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा,उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को तत्काल पुरस्कृत कर यह संदेश भी दिया गया कि मेहनत की पहचान होती है।
निरीक्षण का सबसे अहम हिस्सा रहा बलवा ड्रिल जहां हालात को वास्तविक रूप देकर मॉक एक्सरसाइज कराई गई। एक पक्ष को बलवाई, तो दूसरे पक्ष को प्रशासन, पुलिस और मेडिकल टीम के रूप में तैयार किया गया। रणनीति, धैर्य और समन्वय के साथ स्थिति को नियंत्रित करने का अभ्यास कराया गया। एसएसपी स्वयं पूरी प्रक्रिया में शामिल रहे और मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद वाहन शाखा, आर्म्स शाखा, स्टोर और बीडीएस टीम का सूक्ष्म निरीक्षण हुआ। उपकरणों की उपलब्धता, रखरखाव और संसाधनों की स्थिति की समीक्षा कर सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
मीडिया से चर्चा में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बलवा ड्रिल केवल अभ्यास नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था की रीढ़ है। नियमित प्रशिक्षण ही किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और संतुलित कार्रवाई की गारंटी देता है।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक अजय नागवंशी सहित अन्य अधिकारी और स्टाफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!