होली से पहले सख्ती: पान ठेलों पर छिपे “सुखा नशा” नेटवर्क पर पुलिस की सीधी चोट
रायगढ़, 28 फरवरी।होली जैसे रंगों के त्योहार से पहले रायगढ़ में पुलिस ने एक अलग ही रंग दिखाया सख्ती का रंग। शहर के पान ठेलों और छोटी दुकानों में “सुखा नशा” के नाम पर चल रही गतिविधियों पर पुलिस ने सीधी कार्रवाई करते हुए 35 संचालकों को चिन्हित कर जुर्माना और प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की।
दरअसल, त्योहार के आसपास युवाओं के बीच “गोगो” जैसे नशे की सामग्री की बिक्री की सूचना पुलिस तक पहुंची थी। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने तत्काल संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने एक साथ दबिश दी।
कोतवाली से लेकर चक्रधरनगर, कोतरारोड, जूटमिल, पुसौर, तमनार और लैलूंगा तक अलग-अलग स्थानों पर जांच की गई। कई दुकानों में नशे की सामग्री पाए जाने पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया, वहीं कुछ मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर भविष्य में दोबारा ऐसी गतिविधि न करने की चेतावनी दी गई।
इस पूरी कार्रवाई का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं था, बल्कि त्योहार के दौरान युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छोटी दुकानों के माध्यम से होने वाली इस तरह की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा है कि होली के नाम पर किसी भी तरह का अवैध नशा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत सूचना दें।रायगढ़ में त्योहार से पहले यह संदेश साफ है —रंगों का उत्सव खुलेगा, लेकिन नशे का खेल नहीं।













Leave a Reply