त्रिनाथ त्रिपाठी की तेज नजर में फंसा कबाड़ का खेल… 190 किलो स्क्रैप के साथ आरोपी पकड़ा

कार में भरकर ले जा रहा था चोरी का स्क्रैप, खरसिया पुलिस ने पकड़ा — 190 किलो कबाड़ और कार जब्त

रायगढ़, 10 मार्च। जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में खरसिया चौकी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक कार में अवैध रूप से लोहे का स्क्रैप ले जा रहे आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 190 किलो लोहे का स्क्रैप और परिवहन में प्रयुक्त मारुति फ्रोंक्स कार जब्त की है।

जानकारी के अनुसार 8 मार्च की शाम खरसिया चौकी पुलिस को सूचना मिली कि एक कार में अवैध रूप से लोहे का स्क्रैप परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने पुलिस टीम को सक्रिय करते हुए संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कराई। इसी दौरान पुलिस टीम ने ठाकुरदिया से मौहापाली मालधक्का रोड पर संदिग्ध मारुति फ्रोंक्स कार क्रमांक CG 13 BB 2808 को रोककर जांच की।वाहन की तलाशी लेने पर कार के भीतर बड़ी मात्रा में लोहे का स्क्रैप मिला। कार चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राजू अग्रवाल (47 वर्ष), निवासी छपरीगंज खरसिया बताया।पुलिस ने जब स्क्रैप परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।स्क्रैप चोरी का होने की आशंका के चलते पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में लगभग 190 किलो वजनी लोहे का स्क्रैप (कीमत करीब 6,650 रुपये) और परिवहन में प्रयुक्त कार (कीमत करीब 4 लाख रुपये) जब्त कर ली।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस और 303(2) बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने गवाहों से विवाद भी किया और उन्हें “मुखबिरी” करने का आरोप लगाते हुए धमकाने लगा। पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद वह शांत नहीं हुआ और गवाह को मारपीट की धमकी देने लगा। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया और धारा 126 व 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत भी पृथक कार्रवाई की गई।

पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक उदय सिदार, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक डमरूधर पटेल की अहम भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी के कबाड़ और अवैध स्क्रैप परिवहन पर पुलिस की कड़ी निगरानी है। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!