रायगढ़ में नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ का असर ,खरसिया में 52 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, रेलवे इनपुट से मिली बड़ी सफलता

रायगढ़ में नशे के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ का असर: खरसिया में 52 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, रेलवे इनपुट से मिली बड़ी सफलता

रायगढ़ में नशे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम अब असर दिखाने लगी है। “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस लगातार तस्करी नेटवर्क पर प्रहार कर रही है और इसी कड़ी में खरसिया क्षेत्र में 52 किलो गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों की गिरफ्तारी ने पूरे नेटवर्क को लेकर बड़ा संकेत दे दिया है।

इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि इसमें केवल स्थानीय पुलिस ही नहीं, बल्कि साइबर टीम, खरसिया चौकी और रेलवे से जुड़े सुरक्षा इनपुट का भी अहम योगदान रहा।

दरअसल, पुलिस को पहले ही मुखबिर से सूचना मिल चुकी थी कि ओडिशा से कुछ युवक ट्रेन के जरिए बड़ी खेप लेकर निकल चुके हैं। इसके बाद जिले भर में सड़क और रेल दोनों रूट पर अलर्ट जारी कर दिया गया।इसी बीच रेलवे चेकिंग की सख्ती ने तस्करों की प्लानिंग बिगाड़ दी।

बताया जा रहा है कि आरोपी ट्रेन से सीधे रायगढ़ पहुंचने की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते में बढ़ती जांच से घबराकर खरसिया स्टेशन पर ही उतर गए। यही उनकी सबसे बड़ी चूक साबित हुई।रेलवे कॉलोनी के आसपास तीन युवकों का बड़े बैग के साथ संदिग्ध तरीके से घूमना स्थानीय स्तर पर भी नोटिस किया गया और यह इनपुट मिलते ही चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में साइबर थाना, खरसिया चौकी और रेलवे सुरक्षा से जुड़े कर्मियों की संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी कर दी। प्लानिंग इतनी सटीक थी कि आरोपियों को भागने का मौका ही नहीं मिला।तलाशी के दौरान तीनों के बैग से अलग-अलग हिस्सों में कुल 52 किलो गांजा बरामद हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया कि यह खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसे स्थानीय स्तर पर खपाने के लिए ग्राहकों से संपर्क की कोशिश की जा रही थी।

यानी यह केवल ट्रांजिट नहीं, बल्कि डिस्ट्रिब्यूशन लेवल की तैयारी भी थी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कंधमाल (ओडिशा) के रहने वाले दिनेश कुमार बेहरा (22), शिवा बेहरा (21) और देवी प्रसाद कंहर (19) के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और साइबर डीएसपी उन्नति ठाकुर व एसडीओपी प्रभात पटेल के नेतृत्व में अंजाम दी गई।

वहीं ग्राउंड लेवल पर चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, एएसआई उदय सिदार एवं उनकी टीम, रेलवे सुरक्षा बल और साइबर टीम के जवानों ने समन्वय के साथ ऑपरेशन को सफल बनाया।

अगर व्यापक तस्वीर देखें तो यह इस सप्ताह की तीसरी बड़ी कार्रवाई है तमनार से 60 किलो और चक्रधरनगर से 36 किलो गांजा जब्त होने के बाद अब खरसिया की कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि पुलिस अब केवल पकड़-धकड़ नहीं, बल्कि नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की रणनीति पर काम कर रही है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने भी साफ संदेश दिया है कि नशे के कारोबार पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। सप्लाई से लेकर डिस्ट्रीब्यूशन तक, पूरे चेन को टारगेट किया जा रहा है ताकि इस अवैध कारोबार की रीढ़ ही तोड़ी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!