घरघोड़ा थाना ,रायगढ़
178 मीटर रेलवे तांबा तार और नकदी बरामद, कबाड़ियों के जरिए खपाने की थी तैयारी; घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़, 19 जून 2026। रायगढ़ पुलिस ने रेलवे संपत्ति की चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घरघोड़ा थाना पुलिस की इस कार्रवाई से रेलवे ओएचई और तांबा तार चोरी के तीन मामलों के साथ-साथ मोटरसाइकिल की डिक्की से नकदी चोरी करने के एक प्रकरण का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 178 मीटर रेलवे तांबा तार और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई को रेलवे संपत्ति से जुड़े अपराधों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
कई वारदातों से दहशत में थे ग्रामीण और रेलवे प्रशासन
मामले की शुरुआत 22 फरवरी 2026 को हुई थी, जब ग्राम कारीछापर के पास रेलवे लाइन से ओएचई और तांबा तार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 41 हजार रुपये आंकी गई थी।
इसके बाद 8 अप्रैल को घरघोड़ा में पंजाब नेशनल बैंक से 40 हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखे गए पैसों की उठाईगिरी की घटना सामने आई। पीड़ित साधराम राठिया खाद खरीदने दुकान गया था और लौटने पर डिक्की से रकम गायब मिली।
13 मई को घरघोड़ा रेलवे साइडिंग क्षेत्र में रेलवे खंभों के बीच से करीब 85 हजार रुपये मूल्य का तांबा तार चोरी कर लिया गया। वहीं 17 जून की रात छाल-घरघोड़ा रेलवे लाइन पर फिर से तांबा तार एवं अन्य सामग्री चोरी की घटना हुई, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी, जिसके बाद आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई।
मुखबिर की सूचना पर ढोरम बायपास में घेराबंदी
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू द्वारा लगातार मुखबिर तंत्र सक्रिय रखा गया था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ संदिग्ध युवक क्षेत्र में घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ढोरम बायपास में घेराबंदी कर मनोज धनवार, शशिभूषण दास बैरागी, अजय धनवार और लखन राठिया को हिरासत में लिया। पूछताछ में चारों ने रेलवे तांबा तार चोरी और उठाईगिरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
जंगल में छिपाकर रखा था चोरी का माल
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुस्कुरा जंगल में छिपाकर रखा गया चोरी का माल बरामद किया।
पुलिस ने लखन राठिया के कब्जे से 72 मीटर, मनोज धनवार के कब्जे से 40 मीटर तथा शशिभूषण दास बैरागी के कब्जे से 66 मीटर रेलवे तांबा तार बरामद किया। इसके अलावा आरोपी अजय धनवार के पास से 3 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए।
बरामद तांबा तार और नकदी की कुल कीमत 1 लाख 41 हजार 840 रुपये बताई गई है।
कबाड़ियों को बेच देते थे चोरी का सामान
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि रेलवे लाइन से चोरी किए गए तांबा तार और अन्य सामग्री को घूम-घूमकर खरीदने वाले फेरी कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। चोरी और उठाईगिरी से प्राप्त रकम को आपस में बांटकर शराब तथा अन्य खर्चों में खर्च कर दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और रेलवे संपत्ति को निशाना बनाकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दी सख्त चेतावनी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रेलवे संपत्ति की चोरी केवल आर्थिक नुकसान नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से भी जुड़ा गंभीर अपराध है। ऐसे अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
मामले के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक तथा आरक्षक हरिश पटेल और उद्योराम पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
- मनोज धनवार (28 वर्ष), निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा
- शशिभूषण दास बैरागी (28 वर्ष), निवासी कोटरीमाल, थाना घरघोड़ा
- अजय धनवार (19 वर्ष), निवासी बनाई, थाना घरघोड़ा
- लखन राठिया (20 वर्ष), निवासी रेंगालबहरी, थाना घरघोड़ा
जप्ती
- रेलवे तांबा तार – 178 मीटर
- नकद राशि – 3,000 रुपये
कुल बरामदगी : 1,41,840 रुपये
जबकि चारों प्रकरणों में चोरी गई संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 06 हजार रुपये बताई गई है।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply