52 किलो गांजा केस में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से गिरफ्तार हुई मुख्य सप्लायर महिला, ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एंड-टू-एंड जांच

52 किलो गांजा केस में रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से गिरफ्तार हुई मुख्य सप्लायर महिला, ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत एंड-टू-एंड जांच

अप्रैल में पकड़े गए तीन अंतरराज्यीय तस्करों से खुला था राज, संबलपुर से बीना तक गांजा पहुंचाने की थी साजिश

रायगढ़, 20 जून 2026। रायगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है।

अप्रैल महीने में 52 किलो गांजा के साथ पकड़े गए तीन अंतरराज्यीय तस्करों से पूछताछ में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क की मुख्य सप्लायर महिला को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी खरसिया पुलिस ने कंधमाल (ओडिशा) में दबिश देकर सुभद्रा उर्फ मामी मलिक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार महिला ही तस्करों को गांजा उपलब्ध कराकर उसे मध्यप्रदेश तक पहुंचाने की साजिश में शामिल थी। गिरफ्तार आरोपिया को एनडीपीएस एक्ट के तहत न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

ऐसे पकड़े गए थे 52 किलो गांजा लेकर घूम रहे तस्कर

पुलिस के मुताबिक 22 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि ओडिशा से तीन युवक बड़ी मात्रा में गांजा लेकर निकले हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और साइबर टीम को अलर्ट कर दिया था।इसी दौरान खरसिया रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में तीन संदिग्ध युवकों के बड़े-बड़े बैग लेकर घूमने की सूचना मिली।

चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम ने घेराबंदी कर तीनों युवकों को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपियों की पहचान दिनेश कुमार बेहरा (22 वर्ष), शिवा बेहरा (21 वर्ष) और देवी प्रसाद कंहर (19 वर्ष) के रूप में हुई, जो ओडिशा के कंधमाल जिले के निवासी हैं।

आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन से गांजा लेकर आ रहे थे, लेकिन रेलवे पुलिस की चेकिंग की जानकारी मिलने के बाद खरसिया स्टेशन पर उतर गए थे। तलाशी में उनके कब्जे से कुल 52 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख 62 हजार रुपये आंकी गई थी।

मेमोरेंडम बयान से सामने आया सप्लायर का नाम गिरफ्तार आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ के दौरान गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई। आरोपियों ने अपने मेमोरेंडम कथन में बताया कि बरामद गांजा उन्हें संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास रहने वाली महिला मामी मलिक ने दिया था और उसे मध्यप्रदेश के बीना तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।पुलिस ने आरोपियों द्वारा बताए गए मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की, जिसमें नंबर सुभद्रा दिगल उर्फ मामी मलिक के नाम पर पंजीकृत पाया गया।

ओडिशा में दबिश, मुख्य सप्लायर महिला गिरफ्तार सुराग मिलने के बाद चौकी खरसिया पुलिस ने विधिवत अनुमति प्राप्त कर ओडिशा के कंधमाल जिले के गोच्छापाड़ा थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से दबिश दी। पुलिस टीम ने आरोपिया सुभद्रा उर्फ मामी मलिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि उसने ही आरोपियों को संबलपुर रेलवे स्टेशन के पास गांजा उपलब्ध कराया था और उसे मध्यप्रदेश पहुंचाने की जिम्मेदारी दी थी।पुलिस ने आरोपिया के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया विवो वी-60 टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

एंड-टू-एंड जांच से पूरे नेटवर्क पर प्रहार रायगढ़ पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन आघात” के तहत कार्रवाई केवल गांजा लेकर परिवहन करने वाले आरोपियों तक सीमित नहीं है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए सप्लायर, ट्रांसपोर्टर, रिसीवर और आर्थिक लाभ लेने वाले व्यक्तियों तक पहुंच रही है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह कार्रवाई अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सफलता है और मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

नशा तस्करों को नहीं बख्शा जाएगा : एसएसपी शशि मोहन सिंहएसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस मादक पदार्थ तस्करी के हर मामले में एंड-टू-एंड जांच कर पूरे नेटवर्क तक पहुंच रही है,उन्होंने स्पष्ट कहा कि केवल गांजा परिवहन करने वाले आरोपी ही नहीं, बल्कि इसके सप्लायर, वित्तीय लाभ लेने वाले और पूरे तस्करी तंत्र से जुड़े लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। रायगढ़ जिले को नशा कारोबारियों के लिए सुरक्षित ठिकाना नहीं बनने दिया जाएगा।

इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में की गई।कार्रवाई में चौकी प्रभारी त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, महिला प्रधान आरक्षक ममता मिंज, आरक्षक धनंजय कश्यप, गोविंद बनर्जी, महिला आरक्षक प्रियंका मिंज एवं श्यामा सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!