ऑपरेशन आघात में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, महिला तस्कर को गांजा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी जशपुर से गिरफ्तार
मोबाइल कॉल रिकॉर्ड से खुला नशे के कारोबार का नेटवर्क, नकदी, बाइक और मोबाइल जब्त
रायगढ़, 23 जून 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। कापू पुलिस ने महिला तस्कर को गांजा उपलब्ध कराने वाले आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव को जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार 03 जून 2026 को थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पखनाकोट सुकवासुपारा में अवैध रूप से गांजा बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और श्रीमती चम्पा यादव पति रवि कुमार यादव, उम्र 58 वर्ष निवासी पखनाकोट सुकवासुपारा के कब्जे से बिक्री के लिए रखा गया 0.818 किलोग्राम गांजा तथा एक ओप्पो A11K मोबाइल फोन बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 13 हजार रुपये आंकी गई।
पूछताछ में चम्पा यादव ने स्वीकार किया कि वह अपने घर से गांजा बेच रही थी और उसे यह गांजा चिंतामणी उर्फ चेता यादव द्वारा उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद थाना कापू में अपराध क्रमांक 16/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई कर महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने चम्पा यादव और चिंतामणी उर्फ चेता यादव के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत के रिकॉर्ड का विश्लेषण किया। कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों से दोनों के बीच संपर्क की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस लगातार सप्लायर की तलाश में जुटी रही।
इसी कड़ी में कापू पुलिस ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी चिंतामणी उर्फ चेता यादव पिता मनधरी यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोडेकेला, थाना पत्थलगांव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 03 जून को चम्पा यादव को 6,500 रुपये में गांजा उपलब्ध कराया था। आरोपी ने यह भी बताया कि प्राप्त रकम में से 4,500 रुपये खर्च हो चुके हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शेष 2,000 रुपये नकद, एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MR-9024, आरसी कार्ड तथा एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस केवल गांजा बरामद कर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के पूरे नेटवर्क और सप्लाई चेन को चिन्हित कर एंड-टू-एंड कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। कार्रवाई में थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सुमेश गोस्वामी, लक्ष्मी कैवर्त, आरक्षक दिनेश गोंड एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply