11 साल तक कानून से बचता रहा… गांव लौटा तो ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ में चढ़ गया पुलिस के हत्थे, बलवा और पुलिस पर हमले का आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, शासकीय वाहन में तोड़फोड़ और पुलिस टीम पर हमले के मामले में फरार आरोपी को लैलूंगा पुलिस ने दबोचा
रायगढ़ | 01 जुलाई 2026
रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब 11 साल से फरार चल रहे बलवा, पुलिस टीम पर हमला और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोपी हेमा राठिया को लैलूंगा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गांव लौटने की सूचना मिलते ही पुलिस ने सक्रिय मुखबिर तंत्र की मदद से दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत लैलूंगा थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
2015 में पुलिस टीम पर किया था हमला
मामला वर्ष 2015 का है। जानकारी के अनुसार, हेमा राठिया अपने अन्य साथियों के साथ बोलेरो, महिंद्रा मैक्सीमो और मोटरसाइकिलों में सवार होकर घटनास्थल पहुंचा था। सभी आरोपी लाठी, डंडों और लकड़ी की फालियों से लैस थे।
उस दौरान पुलिस टीम मर्ग पंचनामा की कार्रवाई में जुटी हुई थी। आरोपियों ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों पर हमला कर मारपीट की। इतना ही नहीं, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के साथ पुलिस के शासकीय वाहन में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी लैलूंगा की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 152/2015 दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया था।
साथी पकड़े गए, लेकिन हेमा राठिया 11 साल तक रहा फरार
पुलिस विवेचना के दौरान इस मामले के कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश कर चुकी थी, लेकिन हेमा राठिया लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
गांव लौटने की सूचना बनी गिरफ्तारी की वजह
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों को सक्रिय मुखबिर तंत्र विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी दौरान थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को सूचना मिली कि फरार आरोपी हेमा राठिया (35 वर्ष), पिता रूपसिंह राठिया, निवासी ग्राम कुर्रा, थाना लैलूंगा अपने गांव आया हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी का साफ संदेश— फरार आरोपी कहीं भी छिपे हों, कानून तक पहुंचाए जाएंगे
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस की नजर हर फरार आरोपी पर है। अपराध कर वर्षों तक कानून से बचने की कोशिश करने वालों के लिए जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं है। “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत ऐसे सभी आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी लगातार जारी रहेगी तथा हर आरोपी को कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा।
रायगढ़ पुलिस का यह अभियान जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रहा है और आने वाले दिनों में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहने की बात पुलिस ने कही है।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply