4 लाख की सुपारी… प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह, सक्ती पुलिस ने 4 दिन में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर, 9 आरोपी गिरफ्तार
पति-पत्नी ने मिलकर रची थी महिला की हत्या की साजिश, झारखंड से शूटर और महाराष्ट्र से फरार आरोपी दबोचे
हथियार, बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद
सक्ती | 01 जुलाई 2026 सक्ती जिले में 26 जून को हुई महिला पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की सनसनीखेज गोलीकांड में हत्या का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआत में अंधे कत्ल (ब्लाइंड मर्डर) लग रहे इस मामले की गुत्थी पुलिस ने महज चार दिनों में सुलझा ली। जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और अवैध संबंधों का विवाद था। महिला की हत्या के लिए 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।

पुलिस ने इस मामले में छत्तीसगढ़, झारखंड और महाराष्ट्र से कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है
सड़क पर गोली मारकर हुई थी हत्या 26 जून 2026 को ग्राम जोंगरा में दो नकाबपोश बदमाशों ने पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम को पिस्तौल से गोली मार दी थी और मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।
मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल और CCTV से खुला राज जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों और कई संदिग्धों से पूछताछ की। मोबाइल टावर डंप, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), तकनीकी विश्लेषण और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस धीरे-धीरे आरोपियों तक पहुंची।पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतका पूर्णिमा चौहान का रायगढ़ जिले के देल्लारी निवासी मुरलीशंकर चौहान के साथ प्रेम संबंध था। दोनों आयुर्वेदिक दवाइयों के प्रचार और बिक्री का काम करते थे। इस रिश्ते को लेकर मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा चौहान के बीच लगातार विवाद होता था।
पत्नी ने पति के साथ मिलकर बनाई हत्या की साजिश पुलिस के अनुसार, चम्पा चौहान ने कई बार अपने पति को समझाया, जिसके बाद उसने मृतका से दूरी बना ली। लेकिन पुलिस का कहना है कि पूर्णिमा लगातार मुरलीशंकर पर शादी का दबाव बना रही थी। इसी से परेशान होकर पति-पत्नी ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।दोनों ने राजेन्द्र महंत से संपर्क किया और 4 लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की। सौदे के अनुसार हत्या के बाद भुगतान किया जाना था। घटना के बाद कथित तौर पर 2 लाख रुपये आरोपियों को दे भी दिए गए।
झारखंड और महाराष्ट्र से पकड़े गए आरोपी तकनीकी जांच में राजेन्द्र महंत की लोकेशन जमशेदपुर (झारखंड) और गौरीशंकर सिदार व सुनील महंत की लोकेशन पुणे (महाराष्ट्र) मिली। पुलिस की टीमों ने दोनों राज्यों में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।जांच में सामने आया कि राजेन्द्र महंत ने अपने साथियों गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। 26 जून को गौरीशंकर सिदार ने पिस्तौल से पूर्णिमा को गोली मारी, जबकि सुनील महंत उसके साथ था। घटना के बाद आरोपी पहले से तैयार मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

हथियार, बाइक, मोबाइल और नकदी बरामद पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, जिंदा कारतूस, घटनास्थल से मिले खाली खोखे, मोटरसाइकिल, कई मोबाइल फोन, बैंक पासबुक तथा सुपारी की रकम में बची नकदी बरामद की है।
9 आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेश मामले में पुलिस ने चम्पा चौहान, मुरलीशंकर चौहान, राजेन्द्र महंत, गौरीशंकर सिदार, सुनील महंत, राकेश महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, सुमित गबेल और चंद्रशेखर महंत सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सभी के खिलाफ हत्या, आपराधिक साजिश और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है
इस पूरे अंधे कत्ल का खुलासा करने में थाना सक्ती पुलिस की विशेष टीम सहित कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply