सारंगढ़ में विकास के दावों की जमीनी हकीकत अब सवालों के घेरे में है। गड्ढों से भरी सड़कें, बजबजाती नालियां, जलभराव और बंद स्ट्रीट लाइटों के बीच शहरवासी परेशान हैं। खास बात यह है कि प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के सारंगढ़ दौरे के बीच शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर सवाल और भी तेज हो गए हैं।

सारंगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। तुर्की तालाब गार्डन से राजापारा मार्ग हो या बैंक ऑफ बड़ौदा से मिलन चौक तक का रास्ता, जगह-जगह बड़े गड्ढे और जलभराव राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं।
वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा से नगरपालिका कार्यालय तक जाने वाली सड़क की स्थिति भी सवाल खड़े कर रही है। जिस मार्ग पर नगरपालिका का कार्यालय मौजूद है, उसी सड़क की बदहाली को लेकर अब शहरवासी व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।नगरपालिका कार्यालय मार्ग पर नालियों की सफाई नहीं होने से जलभराव और गंदगी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालियां लंबे समय से जाम हैं, जिसके चलते गंदा पानी आसपास जमा रहता है और बारिश के दौरान स्थिति और बिगड़ जाती है। रहवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया,सबसे ज्यादा चर्चा बिलासपुर मार्ग को लेकर है।
शहर को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क और गड्ढे के बीच अंतर करना मुश्किल हो जाता है। इसी मार्ग पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, भाजपा के जिला मंत्री समेत कई भाजपा नेताओं और स्थानीय लोगों के आवास भी बताए जा रहे हैं।
ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि जब प्रमुख नेताओं और जनप्रतिनिधियों के आवास वाले मार्ग की हालत ऐसी है, तो शहर के दूसरे हिस्सों की स्थिति क्या होगी?

हालांकि सवाल सिर्फ सड़क और नालियों तक सीमित नहीं हैं। शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर भी नागरिकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। खराब स्ट्रीट लाइटों के कारण रात में आवागमन के दौरान दुर्घटना और सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।
नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छरों और गंदगी की समस्या भी बढ़ने की शिकायतें हैं। नागरिकों का कहना है कि बारिश के मौसम में जलभराव के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है और सफाई व्यवस्था को लेकर नगरपालिका को गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

अब बड़ा सवाल यही है कि सारंगढ़ की इस बदहाली के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है? शासन भाजपा का है और नगरपालिका अध्यक्ष कांग्रेस से हैं, लेकिन विकास और बुनियादी सुविधाओं के सवाल पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ज्यादा जरूरी है कि जिम्मेदारी तय हो और जनता को राहत मिले।
प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा के दौरे के बीच शहरवासियों की नजर अब इस बात पर है कि क्या जर्जर सड़कों, बंद नालियों, जलभराव और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं पर प्रशासन और नगरपालिका की जवाबदेही तय होगी, या फिर सारंगढ़ की जनता को एक बार फिर आश्वासनों के भरोसे रहना पड़ेगा।
फिलहाल सवाल यही है—सारंगढ़ की बदहाली का जिम्मेदार आखिर कौन? और जनता को कब मिलेगी राहत?

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply