चेतना अभियान के तहत स्कूलों में पहुंची पचपेड़ी पुलिस, बच्चों को साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी

चेतना अभियान के तहत स्कूलों में पहुंची पचपेड़ी पुलिस, बच्चों को साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी

बिलासपुर। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे “चेतना अभियान—अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर” के तहत थाना पचपेड़ी पुलिस लगातार स्कूलों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पूसाम ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम जोंधरा स्थित तक्षशिला स्कूल और ग्राम सोन के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंची।

पुलिस ने बच्चों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठग लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपना शिकार बना रहे हैं। बच्चों को समझाइश दी गई कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी अनजान व्यक्ति को OTP, आधार नंबर या बैंक से जुड़ी जानकारी साझा न करें। व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम, फेसबुक और टेलीग्राम पर आने वाले संदिग्ध लिंक को स्वीकार करने से भी बचने की सलाह दी गई।

साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करने और बैंक खाते को समय रहते होल्ड कराने की जानकारी भी दी गई, ताकि आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।

यातायात नियमों को लेकर भी जागरूकता

कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं चलाने की सख्त हिदायत दी गई। साथ ही बच्चों से अपने परिजनों और परिचितों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने तथा शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने के लिए प्रेरित करने कहा गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से वाहन नहीं चलाने की अपील की।

नए कानून और महिला-बाल अपराधों की दी जानकारी

पुलिस ने बच्चों को नवीन कानूनों के प्रावधानों की जानकारी देते हुए अनुसंधान के दौरान वीडियोग्राफी और ई-साक्ष्य के महत्व को समझाया। नाबालिग बच्चियों के साथ छेड़छाड़ या दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में पीड़िता की पहचान गोपनीय रखने तथा महिला पुलिस अधिकारी द्वारा विवेचना किए जाने की जानकारी भी दी गई।

इसके साथ ही पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय फेरीवालों और सोना-चांदी चमकाने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखने तथा उनकी संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल थाना पुलिस को सूचना देने की अपील की।

पचपेड़ी पुलिस ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें अपराध और दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। “चेतना अभियान—अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर” के माध्यम से पुलिस का उद्देश्य बच्चों और आम नागरिकों को जागरूक कर सुरक्षित समाज का निर्माण करना है।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!