स्कूली छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाकर रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने युवक को तलब कर दी कड़ी समझाइश
रायगढ़, 7 सितंबर। धरमजयगढ़ क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाकर वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का मामला सामने आया है। वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवक को तलब किया और उसके कृत्य को लेकर पूछताछ की।जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले एक युवक ने स्कूल से घर जा रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाया और उसे अपने Instagram अकाउंट पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।मामले को SDOP धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने संज्ञान में लेते हुए युवक को बुलाने के निर्देश दिए। पुलिस ने संबंधित Instagram ID के आधार पर वीडियो बनाने वाले युवक की पहचान जयदेव मंडल (25 वर्ष), पिता समरेत मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी के रूप में की और उसे पुलिस के समक्ष तलब किया।
पूछताछ के दौरान जयदेव मंडल ने अपने मोबाइल से उक्त वीडियो बनाना स्वीकार किया। इसके बाद SDOP सिद्धांत तिवारी ने युवक को सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना इस्तेमाल को लेकर कड़ी समझाइश दी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को असहज करने वाले अशोभनीय कृत्य करना या उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है। किसी भी व्यक्ति की गरिमा और निजता का सम्मान करना जरूरी है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भी जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
पुलिस की समझाइश के बाद युवक ने अपने कृत्य पर माफी मांगी और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं करने की बात कही।
SDOP सिद्धांत तिवारी ने युवक को समझाते हुए कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, जिम्मेदार और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली, अश्लीलता फैलाने वाली अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचना चाहिए।
वहीं रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अशोभनीय अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियां सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply