अश्लील इशारे से जबरन कार तक ले जाने की कोशिश, आरोपी गिरफ्तार

नाबालिग से छेड़छाड़, आरोपी Arrested, कार जब्त

जशपुर। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग से कथित छेड़छाड़, अश्लील इशारे और जबरन कार में बैठाने की कोशिश के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त XL6 कार को भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना पत्थलगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 16 वर्षीय नाबालिग अपने मौसी के घर रहकर कक्षा 12वीं की पढ़ाई करती है। 30 अगस्त को वह अपने घर से मौसी के घर जाने के लिए बस से निकली थी। दोपहर करीब 3 बजे वह रास्ते में बस का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी निराकार यादव उर्फ रिंकू यादव अपनी XL6 कार से वहां पहुंचा।

आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग की ओर अश्लील इशारे किए और कार से उतरकर उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद वह उसे अपने साथ कार में चलने के लिए कहने लगा। नाबालिग ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी उसका हाथ छोड़कर कार लेकर मौके से फरार हो गया।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी द्वारा इससे पहले भी नाबालिग का पीछा करने और कथित रूप से छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने की बात सामने आई थी।

शिकायत मिलने के बाद थाना पत्थलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 193/2026 दर्ज कर धारा 74, 351(2) BNS एवं धारा 8 POCSO Act के तहत जांच शुरू की। विवेचना के दौरान महिला पुलिस अधिकारी द्वारा नाबालिग पीड़िता का कथन दर्ज कराया गया। इसके साथ ही प्रार्थी और अन्य गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक विवेचनात्मक कार्रवाई की गई।

घटना के बाद आरोपी लगातार फरार चल रहा था। पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान 7 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने आरोपी को उसके गृह ग्राम से हिरासत में लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान घटना में प्रयुक्त XL6 कार को आरोपी द्वारा प्रस्तुत किए जाने पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन को विधिवत जब्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में प्रथम दृष्टया आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अपराध घटित होना पाए जाने, पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में उप निरीक्षक विद्या राम यादव, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, चंद्र विजय साय तथा आरक्षक वीरेंद्र यादव, देव सिंह और राजेंद्र रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे अपराधों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!