पत्रकारों पर सत्ता समर्थित गुंडागर्दी: थाना के सामने खुलेआम मारपीट, प्रशासन मौन?
रायगढ़ जिले के जुटमिल थाना क्षेत्र में बीती शाम हुई घटना ने न केवल कानून व्यवस्था की धज्जियाँ उड़ा दीं, बल्कि यह भी दर्शाया कि सत्ता के प्रभाव में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ—पत्रकारों को किस तरह दबाया जा रहा है। भाजपा नेता रविंद्र भाटिया के पुत्र तरनजीत भाटिया और उसके साथियों ने समाचार कवरेज कर रहे पत्रकारों पर सरेआम हमला किया। इस दौरान पत्रकारों को अश्लील गालियाँ दीं, धक्कामुक्की की और उनकी मारपीट की।
यह घटना थाना भवन के ठीक सामने घटित हुई, जहां पुलिस प्रशासन का कोई भी हस्तक्षेप नहीं दिखा। स्थानीय लोगों के बीच-बचाव के बावजूद आरोपी बेखौफ नजर आए, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि उन्हें सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। इस घटना ने सवाल उठाए हैं कि क्या अब पत्रकारों को अपनी रिपोर्टिंग करने के लिए माफियाओं से इजाजत लेनी होगी?
पत्रकारों पर हुए इस हमले में राजा खान, दीपक शोमवानी और मनीष सिंह (खबर उजागर) को निशाना बनाया गया। आरोपी तरनजीत भाटिया, अंशु राजपूत, अंकुर ठाकुर और उनके अन्य साथियों ने न केवल गालियाँ दीं, बल्कि धमकी भी दी—”साइड हट ले, नहीं तो एक फटके में गिरा दूंगा!” यह बयान सत्ता के मद में चूर एक नेता के बेटे की बेलगाम हरकत को दर्शाता है, जो यह सोचता है कि कानून उसके लिए नहीं है।
यह पहली बार नहीं है जब तरनजीत भाटिया और उसके साथी इस तरह की गुंडागर्दी में लिप्त हुए हैं। पहले भी इनके खिलाफ कई शिकायतें आई हैं, लेकिन प्रशासन ने हमेशा इनकी अनदेखी की। इस बार भी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है, जो साफ दिखाती है कि इन अपराधियों को कानून का कोई खौफ नहीं है।
अब सवाल यह उठता है कि जब थाना भवन के सामने यह सब हो सकता है, तो आम जनता की सुरक्षा की क्या उम्मीद की जा सकती है? पत्रकारों में इस हमले से भय का माहौल है, और उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है। अगर लोकतंत्र में पत्रकार सुरक्षित नहीं होंगे, तो फिर नागरिकों की सुरक्षा की गारंटी कौन दे सकता है?
यह घटना प्रशासन के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। देखना यह है कि क्या प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाता है, या फिर यह एक और उदाहरण बनकर रह जाएगा कि कैसे सत्ता समर्थित गुंडागर्दी बेलगाम हो रही है।







NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply