सड़क सुरक्षा में घरघोड़ा पुलिस का अभिनव कदम
आवारा मवेशियों के गले में लगाए गए रेडियम कॉलर टैग, इंस्पेक्टर गौरव साहू की पहल की हो रही जमकर सराहना
रायगढ़, 1 अक्टूबर ।सड़क सुरक्षा को लेकर रायगढ़ जिला पुलिस लगातार नई पहल कर रही है। हाईवे और मुख्य मार्गों पर आवारा मवेशियों की वजह से आए दिन होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब पुलिस ने एक नया और सराहनीय कदम उठाया है।इसी क्रम में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में मंगलवार को एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग, घरघोड़ा-लैलूंगा मार्ग और तमनार बायपास पर घूम रहे सैकड़ों मवेशियों के गले में रेडियम कॉलर टैग लगाए गए।यह कॉलर टैग रात के समय दूर से ही वाहनों की हेडलाइट की रोशनी में चमकते हैं, जिससे चालक समय रहते मवेशियों को देख सकते हैं और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की जमकर प्रशंसा की। लोगों का कहना है कि यह अभियान न केवल सड़क सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि इससे आम लोगों की जानमाल की रक्षा भी होगी।
निरीक्षक गौरव साहू ने स्वयं सड़कों पर उतरकर पुलिस बल के साथ इस कार्य को अंजाम दिया, जिससे यह संदेश गया कि पुलिस केवल आदेश देने तक सीमित नहीं है, बल्कि खुद मैदान में उतरकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कृत संकल्प है।
पुलिस की सोच और कार्यशैली का उदाहरण
घरघोड़ा पुलिस का यह अभियान भविष्य में अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक मिसाल बनेगा। इस कदम से यह साफ झलकता है कि निरीक्षक गौरव साहू जैसे अधिकारी पुलिसिंग को केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रखते, बल्कि जनहित और सुरक्षा के हर पहलू को अपनी जिम्मेदारी मानते हैं।
ग्रामीणों ने इसे “सड़क सुरक्षा की दिशा में पुलिस का मानवीय चेहरा” बताते हुए, इस तरह की पहल को अन्य थानों में भी लागू करने की मांग उठाई।



















Leave a Reply