रायगढ़। ट्रेलर में लोड 41 टन लोहे का एंगल लेकर फरार हुए हेल्पर को रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ लिया गया। पुलिस ने चोरी हुए ट्रेलर और उसमें लोड लोहे के एंगल समेत करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है। मामले में शामिल अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड में पेश कर संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को थाना कोतरारोड़ में ट्रेलर चालक धरमराज जाट (29 वर्ष), निवासी ताजपुरा जाट मोहल्ला, तहसील सरवार, जिला अजमेर (राजस्थान) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वह ट्रेलर क्रमांक RJ 48 GA 3147 चलाता है और करीब 8–9 दिनों से एक परिचित किशोर बालक उसके साथ हेल्पर के रूप में काम कर रहा था।5 मार्च को वह हेल्पर के साथ जेएसपीएल रायगढ़ गया था, जहां ट्रेलर में करीब 41 टन लोहे का एंगल लोड कराया गया था, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई। 7 मार्च की शाम को ट्रेलर को जिंदल गेट के बाहर मुख्य मार्ग किनारे खड़ा किया गया था। उस समय हेल्पर वाहन के अंदर बैठा था और ट्रेलर में चाबी लगी हुई थी।इसी दौरान चालक कागजात की जांच कराने कार्यालय के अंदर गया। करीब एक घंटे बाद जब वह वापस लौटा तो ट्रेलर वहां से गायब था। हेल्पर को फोन लगाने पर उसका मोबाइल बंद मिला और आसपास तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। चालक ने आशंका जताई कि ट्रेलर और उसमें लोड लोहे का एंगल समेत कुल करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली गई है।
इस पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 69/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिले में तत्काल नाकेबंदी के निर्देश दिए और आसपास के जिलों को भी ट्रेलर का विवरण भेजा गया। इसी दौरान जिला सक्ती के टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलर को रोककर जांच की और इसकी सूचना कोतरारोड़ पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपित को अभिरक्षा में लिया गया। पुलिस ने ट्रेलर समेत उसमें लोड 41 टन लोहे का एंगल जब्त करते हुए करीब 60 लाख रुपये की संपत्ति बरामद कर ली।
पूछताछ में विधि के साथ संघर्षरत बालक ने ट्रेलर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी को किशोर न्याय अधिनियम के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, कोतरारोड़ थाना स्टाफ तथा जिला सक्ती के यातायात पुलिस की अहम भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है। रायगढ़ और सक्ती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई यह साबित करती है कि कोई भी अपराधी अपराध कर कानून से बच नहीं सकता। चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply