दरिंदगी की सजा जेल: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गुंडा बदमाश पुलिस ने दबोचा

दरिंदगी की सजा जेल: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गुंडा बदमाश पुलिस ने दबोचा

रायगढ़ में नाबालिग से जुड़े गंभीर अपराध के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात गुंडा बदमाश विशाल सिंह ठाकुर उर्फ बाबू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर सख्त संदेश माना जा रहा है।मामला थाना चक्रधरनगर क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार 16 वर्षीय नाबालिग बालिका ने 8 मार्च को थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 मार्च की शाम वह अपने एक परिचित के घर गई हुई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात विशाल ठाकुर उर्फ बाबू से हुई। कुछ समय बाद आरोपी उसके कॉलोनी पहुंचा और उसे मोटरसाइकिल में बैठाकर ईला मॉल के पीछे स्थित अपने एक दोस्त के कमरे में ले गया।

पीड़िता के अनुसार वहां उसके साथ गंभीर आपराधिक घटना हुई। इसके बाद आरोपी ने उसे किसी को भी इस बारे में जानकारी न देने की धमकी दी और 7 मार्च की शाम केवड़ाबाड़ी इलाके के पास छोड़ दिया। घटना से डरी हुई पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर 8 मार्च को थाना चक्रधरनगर पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी शिकायत मिलते ही महिला निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने मामला दर्ज कर पीड़िता का बयान लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विशाल सिंह ठाकुर थाना कोतवाली क्षेत्र का गुंडा बदमाश है और उसके खिलाफ पहले से करीब 20 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, आर्म्स एक्ट, चोरी और मारपीट जैसे कई गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस द्वारा उसके खिलाफ कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है और वर्ष 2023 में उसे जिला बदर भी किया गया था।

इस मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में महिलाओं और नाबालिगों के खिलाफ होने वाले अपराधों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुंडा, निगरानी बदमाश और आदतन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी शिकायत पर तुरंत कदम उठाया जाएगा।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा, महिला निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू, आरक्षक शांति मिरी और अमर मिर्धा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ है कि जिले में ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्ती लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!