सड़क पर शुरू हुआ ‘सीन’गैस ऑफिस में हुआ क्लाइमेक्स मारपीट करने वाला युवक गिरफ्तार

सड़क पर बहस, गैस ऑफिस में हमला डिलीवरी बॉय से मारपीट करने वाला युवक गिरफ्तार

रायगढ़ में सड़क पर हुई एक मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मामला इतना बढ़ा कि एक युवक ने गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट कर दी। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।मामला थाना चक्रधरनगर क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजा अग्रवाल 11 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे अपने ऑटो से गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस, बोईरदादर रोड जा रहा था। रास्ते में सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक से साइड देने की बात को लेकर उसकी हल्की कहासुनी हो गई।राजा अग्रवाल इसके बाद अपने काम से गैस ऑफिस पहुंच गया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार युवक ने उसका पीछा किया और सीधे गैस ऑफिस में जा घुसा। वहां उसने डिलीवरी बॉय के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। ऑफिस में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रिहान खान (23 वर्ष) निवासी छोटा अतरमुड़ा, थाना चक्रधरनगर बताया। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 96/2026 दर्ज करते हुए धारा 296, 115(2), 333 बीएनएस के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश कर उसे उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने गैस ऑफिस में घुसकर मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस मामले को लेकर Shashi Mohan Singh, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह घटना एक बार फिर बताती है कि सड़क पर छोटी-सी बहस भी अगर संयम न रखा जाए तो बड़े विवाद का रूप ले सकती है। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी अब सलाखों के पीछे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!