चलती ट्रेन में घिरा आईफोन चोर रायगढ़ पुलिस ने 14 लाख की चोरी का किया खुलासा

मोबाइल शॉप में लाखों की चोरी का खुलासा, 14 लाख के 16 आईफोन बरामद दो आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 15 मार्च। शहर के गोपी टॉकीज के सामने स्थित एक मोबाइल दुकान में हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गए 16 आईफोन मोबाइल और एक बाइक सहित करीब 14 लाख 15 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।

जानकारी के अनुसार 9 मार्च 2026 की रात गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप में चोरी की घटना हुई थी। दुकान संचालक मोहम्मद फारुक ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब दुकान खोली तो शोकेस में रखे मोबाइल फोन गायब मिले और दूसरी मंजिल का ताला टूटा हुआ पाया गया। अज्ञात चोर दुकान में घुसकर 16 नग आईफोन और नकदी चोरी कर फरार हो गया था।

मामले की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 111/2026 धारा 305, 331(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कोतवाली पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और रेलवे स्टेशन पर तलाश शुरू की। इसी दौरान आरोपी ट्रेन से रायगढ़ लौट रहा था, जिसे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश चौहान (19 वर्ष) निवासी ग्राम कलमी थाना कोतरारोड़ के रूप में हुई। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि वह रायपुर से ट्रेन में आकर दुकान के पीछे निर्माणाधीन हिस्से में लगी लोहे की सीढ़ी के सहारे ऊपर चढ़ा और दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर अंदर घुसा था। वहां से शोकेस में रखे 16 आईफोन और नकदी लेकर फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 आईफोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं चोरी का एक आईफोन उसके साथी लकेश्वर उर्फ लक्की चंद्रा (21 वर्ष) निवासी सोनूमुड़ा, रायगढ़ से बरामद कर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने जनवरी 2026 में अपने साथियों के साथ बोईरदादर चौक स्थित एक अन्य मोबाइल दुकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रभावी कार्रवाई के माध्यम से ऐसे अपराधों का तेजी से खुलासा कर रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

NKB National News प्रस्तुत करता है

🌆 सिटी हलचल 🌆

अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है

तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।

📩 आपकी भेजी गई सामग्री

नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।

“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!