सारंगढ़-बिलाईगढ़ में “एकत्व परिवार परामर्श केंद्र” का उद्घाटन, बिखरते परिवारों को जोड़ने की पहल


🟣 सारंगढ़-बिलाईगढ़ में “एकत्व परिवार परामर्श केंद्र” का उद्घाटन, बिखरते परिवारों को जोड़ने की पहल


सारंगढ़-बिलाईगढ़ | 11 अप्रैल 2026
जिले में बढ़ते पारिवारिक विवादों और मानसिक तनाव की समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “एकत्व – परिवार परामर्श केंद्र” का विधिवत उद्घाटन किया गया।

जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे और पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से कोतवाली थाना परिसर में इस नए भवन का लोकार्पण किया।


इस परामर्श केंद्र का उद्देश्य परिवारों में बढ़ते मनमुटाव, वैचारिक मतभेद और आपसी कलह को सुलझाकर रिश्तों में सामंजस्य और सौहार्द स्थापित करना है। प्रशासन का मानना है कि कई मामलों में कानूनी कार्रवाई से पहले काउंसलिंग के जरिए समाधान निकालना अधिक प्रभावी और स्थायी होता है।


केंद्र की स्थापना जिले में बढ़ते पारिवारिक विवादों को ध्यान में रखते हुए की गई है। पहले यहां 3 काउंसलर कार्यरत थे, लेकिन मामलों के त्वरित और स्थायी समाधान के लिए अब 6 नए काउंसलर नियुक्त किए गए हैं, जिससे कुल संख्या बढ़ाकर 9 कर दी गई है।


प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, केंद्र में अब तक 55 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें से 30 मामलों में काउंसलिंग पूरी हो चुकी है, जिनमें 28 मामलों का आपसी सहमति से सफल निपटारा किया गया है, जबकि 2 मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज करना पड़ा। शेष मामलों में भी काउंसलिंग के माध्यम से समाधान की प्रक्रिया जारी है।


कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने केंद्र के कार्यों का अवलोकन करते हुए इस पहल की सराहना की और कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और पारिवारिक विघटन के बीच ऐसे परामर्श केंद्रों की आवश्यकता बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे छोटे-छोटे विवादों को कानूनी जटिलताओं में उलझाने के बजाय परामर्श केंद्र के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करें।


वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “एकत्व” का मुख्य उद्देश्य परिवारों में एकता बनाए रखना और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र न केवल विवादों का समाधान करेगा, बल्कि लोगों को भावनात्मक सहयोग भी प्रदान करेगा।


कार्यक्रम में उपस्थित काउंसलर्स ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस पहल को समाज के लिए उपयोगी बताया और परिवारों के बीच आपसी समझ बढ़ाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!