तमनार में 2 लाख की उठाईगिरी का खुलासा: जशपुर से दबोचा गया शातिर नट गिरोह का सदस्य, दो बाइक और औजार जब्त
बैंक से रकम निकालने वालों की रेकी कर बनाते थे निशाना, एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 7 दिन की लगातार निगरानी के बाद मिली सफलता
रायगढ़। तमनार क्षेत्र में बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाकर डिक्की तोड़कर रकम चोरी करने वाले सक्रिय नट गिरोह के एक सदस्य को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने आरोपी को जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
मामला 8 जून 2026 का है, जब ग्राम गौरबहरी निवासी 60 वर्षीय लोकेश्वर पटेल ने तमनार थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने तमनार स्थित अपेक्स बैंक से दो लाख रुपये निकाले थे और रकम को अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय चले गए थे। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर उनकी मोटरसाइकिल की डिक्की टूटी हुई मिली और उसमें रखी पूरी राशि गायब थी।शिकायत के बाद थाना तमनार में अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुरागपुलिस टीम ने अपेक्स बैंक और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर संदेह ग्राम गाला निवासी विशाल उर्फ हरि नट पर गया। पुलिस ने स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों को सीसीटीवी फुटेज दिखाया, जिन्होंने संदेही की पहचान विशाल उर्फ हरि नट के रूप में की।जांच में सामने आया कि विशाल उर्फ हरि नट आदतन अपराधी है और वर्तमान में एक अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध है। इसी दौरान उसके साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा की सक्रियता की जानकारी मिलने पर पुलिस ने जशपुर जिले में लगातार सात दिनों तक कैंप कर उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।
खेत में घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी विवेचना के दौरान पुलिस टीम ग्राम झक्कड़पुर पहुंची। पहचानकर्ताओं द्वारा सीसीटीवी फुटेज में धर्मेन्द्र नट की पहचान किए जाने के बाद उसकी तलाश तेज कर दी गई। आखिरकार सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने गांव के समीप खेत क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके कुछ साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
पूछताछ में कबूला पूरा अपराध पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर अपेक्स बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों की रेकी की थी। 8 जून को उन्होंने लोकेश्वर पटेल की मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर दो लाख रुपये चोरी किए थे। आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम के बंटवारे में मिले एक लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी।
दो बाइक और औजार जब्त आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई दूसरी नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल लोहे के औजार बरामद किए हैं।
जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट (40 वर्ष), निवासी ग्राम झक्कड़पुर, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस उठाईगिरी, लूट और संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों तक पेशेवर तरीके से पहुंच रही है। उन्होंने बैंक से बड़ी राशि निकालने वाले नागरिकों से सतर्क रहने और अपनी धनराशि की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की।साथ ही स्पष्ट किया कि संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिकापूरी कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में संपन्न हुई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, दिलदार कुरैशी तथा आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार और जॉन प्रकाश टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply