धरमजयगढ़। भारतमाला सड़क परियोजना का निर्माण कार्य एक किसान के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। धरमजयगढ़ के बायसी कॉलोनी निवासी लक्ष्मी मजूमदार ने रायगढ़ कलेक्टर को आवेदन सौंपकर आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण के दौरान उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं किए जाने से पिछले दो वर्षों से हर बारिश में उनके खेत में पानी भर जाता है। स्थिति ऐसी बन जाती है कि पूरा खेत तालाब में तब्दील हो जाता है, जिससे खेती पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

किसान के अनुसार, सड़क निर्माण के दौरान खेत के एक हिस्से में मलबा और राखड़ डाल दिए गए, जिससे पानी की निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। इसका सीधा असर खेती पर पड़ रहा है और हर वर्ष बरसात में भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
खेत और मकान तक पहुंचने का रास्ता भी हुआ बंद
आवेदन में यह भी बताया गया है कि निर्माण कार्य के कारण खेत और मकान तक पहुंचने का रास्ता भी अवरुद्ध हो गया है। इससे परिवार को रोजाना आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसान का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागों को लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
निर्माण एजेंसी और विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
आवेदक ने आरोप लगाया है कि संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी ने समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लगातार शिकायतों के बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं, जिससे किसान की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।

कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
कलेक्टर रायगढ़ को सौंपे गए आवेदन में किसान ने मांग की है कि भारतमाला परियोजना से जुड़े अधिकारियों और ठेकेदार को तत्काल निर्देश देकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, खेत में डाला गया मलबा हटाया जाए और खेत व मकान तक पहुंचने का रास्ता बहाल कराया जाए, ताकि आगामी कृषि कार्य बिना किसी बाधा के किया जा सके।
अब देखने वाली बात होगी कि प्रशासन इस शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और प्रभावित किसान को राहत दिलाने लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
फिलहाल इस मामले में संबंधित विभाग या निर्माण एजेंसी का पक्ष सामने नहीं आया है।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply