खेतों से केबल वायर चोरी करने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 2 किलो तांबा तार और बाइक जब्त
रायगढ़। जिले के पुसौर थाना पुलिस ने खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल के केबल वायर चोरी करने वाले दो सक्रिय चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलोग्राम तांबे का तार और वारदात में इस्तेमाल की गई प्लेटिना मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को क्षेत्र के किसानों से लगातार बोरवेल के केबल वायर चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 5 जुलाई 2026 को रेंगालपाली निवासी ऋषिकेश साव उर्फ संतोष साव (35 वर्ष) ने थाना पुसौर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए बोरवेल का करीब 100 मीटर केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने विक्रांत सिदार (22 वर्ष) और दिगम्बर मांझी (26 वर्ष), दोनों निवासी रेंगालपाली, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर विक्रांत सिदार के कब्जे से चोरी के केबल को जलाकर निकाला गया करीब 2 किलो तांबे का तार तथा दिगम्बर मांझी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल (CG-13 AV-0523) बरामद कर जब्त की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के साथ धारा 3(5) भी प्रकरण में जोड़ी है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुसौर पुलिस का कहना है कि किसानों की संपत्ति की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply