इंस्टाग्राम पर दोस्ती, APK से मोबाइल हैक और फिर ब्लैकमेल… बिहार से साइबर आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़, 23 जुलाई। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, APK फाइल के जरिए मोबाइल का एक्सेस हासिल करने और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे ऐंठने वाले एक साइबर अपराधी को रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने 12 जून 2026 को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब छह वर्ष पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान खुद को अविनाश उर्फ राजा बताने वाले युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने विश्वास जीतकर युवती से निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए।
कुछ समय बाद आरोपी ने युवती को एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर एक्सेस कोड साझा करने के लिए कहा। जैसे ही युवती ने ऐसा किया, आरोपी ने उसके मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और निजी फोटो, वीडियो व कॉन्टैक्ट लिस्ट अपने कब्जे में ले ली।
इसके बाद आरोपी ने युवती को बदनाम करने और उसके परिवार व परिचितों को निजी फोटो-वीडियो भेजने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी। डर के कारण युवती ने आरोपी के पेटीएम खाते में तीन किस्तों में ₹13 हजार भेज दिए, लेकिन ब्लैकमेलिंग नहीं रुकी।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2), 351(3) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर साइबर पुलिस की टीम बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची और आरोपी अविनाश चौधरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग के तरीके सीखकर इस तरह की वारदात को अंजाम दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, निजी फोटो-वीडियो साझा करने और किसी के कहने पर APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। यदि कोई ब्लैकमेल कर पैसे मांगे तो घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत करें।
रायगढ़ साइबर थाना की इस कार्रवाई में निरीक्षक विजय चेलक सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NKB National News प्रस्तुत करता है
🌆 सिटी हलचल 🌆
अब आपकी आवाज़, आपकी खबर
अगर आपके शहर में कोई हलचल, घटना, समस्या या खास जानकारी है
तो आप उसे वीडियो या सूचना के रूप में हमें भेज सकते हैं।
📩 आपकी भेजी गई सामग्री
नियमों के अनुसार और सत्यापन के बाद
हमारे मंच पर प्रकाशित की जाएगी।
“हर शहर की खबर, अब आपकी नजर से”
NKB नेशनल न्यूज – सच्चाई के साथ


















Leave a Reply